Ranbir Kapoor Apology: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच कोलकाता में दशहरा समारोह के दौरान दिए गए उनके एक बयान ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया. बयान के वीडियो वायरल होने के बाद रणबीर ने बुधवार को चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान इस पर सफाई दी और अपनी बात के लिए माफी मांगी.
यह भी पढ़ें- CEC विवाद पर फिर एकजुट होगा INDIA गठबंधन, खड़गे की अगुवाई में आज बनेगी आगे की रणनीति
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, मंगलवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित दशहरा समारोह में रणबीर कपूर शामिल हुए थे. यह कार्यक्रम ‘राम एर अयोध्या, राम की अयोध्या’ थीम पर आयोजित किया गया था. इस दौरान उन्होंने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देते हुए कहा कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई की ही होती है.
कार्यक्रम में निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और अभिनेता रवि दुबे भी मौजूद थे. समारोह के बाद रणबीर के भाषण के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. इसके बाद अभिनेता ने अपने बयान को स्पष्ट करना जरूरी समझा.
रणबीर कपूर ने क्या कहा?
चेन्नई में बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान रणबीर ने कहा कि वह पिछले दिन हुई घटना के लिए माफी मांगना चाहते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरा समारोह में बोलते समय उनकी जुबान फिसल गई थी और उनका आशय कुछ और था.
रणबीर ने कहा कि मैं इस मौके पर कल हुई घटना के लिए माफी मांगना चाहता हूं. मैं दशहरा समारोह में था और मेरी जुबान फिसल गई थी. मैं कहना चाहता था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की होती है.
रॉकस्टार के गाने से समझाई अपनी बात
अपनी सफाई के दौरान रणबीर ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी फिल्म रॉकस्टार का भी जिक्र किया. संगीतकार एआर रहमान के साथ अपने जुड़ाव का संदर्भ देते हुए उन्होंने फिल्म के गाने की लाइन कही, जो भी कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे.
उनकी इस टिप्पणी ने सफाई के बीच एक फिल्मी अंदाज जोड़ दिया. हालांकि, उनके शुरुआती बयान के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने रहे.
रामायण में भगवान राम बनेंगे रणबीर
रणबीर कपूर जल्द ही निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे.
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी. पहले भाग की दुनियाभर में रिलीज 5 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा. फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे आईमैक्स में भी प्रस्तुत किया जाएगा.
फिलहाल, दशहरा समारोह में दिए गए बयान पर रणबीर की सफाई और माफी चर्चा में है. अभिनेता ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका संदेश अच्छाई और सच्चाई की जीत से जुड़ा था.
यह भी पढ़ें- Delhi News: जेल से रिहाई के अगले दिन CJP नेताओं को क्राइम ब्रांच का समन, सौरव दास और आशुतोष रांका की बढ़ीं मुश्किलें?


