Agra Metro: ताजनगरी आगरा में मेट्रो से सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने दूसरे कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेज कर दिया है. आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाले करीब 16 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर दो चरणों में मेट्रो चलाई जाएगी. पहले चरण में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक पांच स्टेशनों पर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें- 300 गैंगस्टर्स के एनकाउंटर की कहानी लाएंगे राम गोपाल वर्मा! ‘Police Company’ में दया नायक बनेंगे हर्षवर्धन राणे
दिसंबर से शुरू होंगे मेट्रो के ट्रायल
दूसरे कॉरिडोर के पहले चरण में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक ट्रैक का करीब 80 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है. अधिकारियों के मुताबिक, दिसंबर से इस हिस्से पर मेट्रो का ट्रायल शुरू करने की योजना है. करीब डेढ़ महीने तक ट्रायल चलने के बाद सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा. सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने पर अगले साल मार्च में यात्री सेवा शुरू होने की उम्मीद है.
आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक दूसरे चरण का काम तेज
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक प्रस्तावित दूसरे कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन होंगे. आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है. शाहदरा तक ट्रैक तैयार करने का काम चल रहा है. वहीं, भगवान टॉकीज और सुल्तानगंज चौराहे पर मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इस कॉरिडोर के पूरा होने से शहर के कई इलाकों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
पहले कॉरिडोर पर भी बढ़ेगी मेट्रो की पहुंच
आगरा में पहले कॉरिडोर का विस्तार भी जारी है. यह कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक बनाया जा रहा है और इसमें कुल 13 स्टेशन प्रस्तावित हैं. फिलहाल ताज पूर्वी गेट से बिजलीघर तक मेट्रो का संचालन हो रहा है. बिजलीघर से आगे आईएसबीटी तक ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रायल और सुरक्षा ऑडिट की प्रक्रिया भी पूरी होने की जानकारी दी गई है.
योजना के मुताबिक, दिवाली के बाद आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी है. इसके अलावा तोता का ताल और सिकंदरा स्टेशन का निर्माण भी जारी है. इन स्टेशनों का काम पूरा होने के बाद दिसंबर के अंत में ट्रायल शुरू करने की योजना है.
जाम से राहत और सफर में बचेगा समय
आगरा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होने से लोगों को सड़क यातायात पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा. खासकर व्यस्त इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिलने और यात्रा का समय बचने की उम्मीद है. मेट्रो सेवा बढ़ने से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर हो सकती है.
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के मुताबिक, दूसरे कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. दिसंबर से ट्रायल शुरू करने और जरूरी सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद मार्च में मेट्रो संचालन शुरू करने की योजना है. हालांकि, यात्री सेवा की शुरुआत अंतिम परीक्षणों और आवश्यक मंजूरियों पर निर्भर करेगी.
यह भी पढ़ें- यूपी में 200 करोड़ का निवेश, मेरठ में बनेगी बैटरी-रेयर अर्थ रिफाइनरी, 1300 लोगों को रोजगार की उम्मीद


