Noida Airport Connectivity: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना अब और आसान होने वाला है. यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर दाहिनी ओर 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. लंबे समय से अटके 1800 मीटर के हिस्से की बाधाएं दूर होने के बाद अब इस सड़क को पूरा करने की तैयारी है. इससे यमुना सिटी के कई सेक्टरों और आसपास के गांवों को सीधा फायदा मिलेगा.
यह भी पढ़ें- रावण दहन के साथ इन 4 बुराइयों को भी खत्म करें! विजयादशमी पर CM योगी की अपील, प्रयागराज में गरीबों को मिलेगा घर
एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मिलेगा नया रास्ता
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुताबिक, करीब 16 किलोमीटर लंबी यह सड़क एक्सप्रेसवे के सातवें किलोमीटर से शुरू होती है. रौनीजा, चपरगढ़ और सलारपुर गांवों के पास अतिक्रमण के कारण लगभग 1800 मीटर हिस्से का काम रुका हुआ था. अब बाधाएं दूर होने के बाद इस हिस्से का निर्माण कराया जाएगा.
इस सड़क के पूरा होने से यमुना सिटी के सेक्टर-22ई तक पहुंचना आसान होगा. आगे चलकर इसे 120 मीटर चौड़ी सड़क से भी जोड़ा जाएगा. इससे एयरपोर्ट के दाहिनी ओर बसे दस से अधिक सेक्टरों और गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
इन सेक्टरों के लोगों को मिलेगी राहत
नई सड़क बनने से सेक्टर-22डी, 22ई, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी, 23ई, सेक्टर-25, 26 और 27 सहित आसपास के इलाकों के लोगों को फायदा होगा. फिलहाल सड़क का हिस्सा अधूरा होने के कारण लोगों को सलारपुर अंडरपास से होकर 60 मीटर चौड़ी सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है. निर्माण पूरा होने के बाद आवाजाही के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा. यीडा के महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर दाहिनी ओर 30 मीटर चौड़ी सड़क का काम शुरू हो गया है. पहले बाधित रहे 1800 मीटर हिस्से को भी बनाया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी जाम से राहत की तैयारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए भी राहत की तैयारी है. चार मूर्ति यानी गौड़ चौक से तुस्याना कट तक करीब 8.2 किलोमीटर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है. इस काम को दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके अलावा गौड़ चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास को दिवाली से पहले खोलने की तैयारी है. ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर बस-वे भी बनाया जा रहा है. चार मूर्ति से सिरसा तक करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क के ज्यादातर हिस्से में बस-वे का काम पूरा हो चुका है.
इन परियोजनाओं के पूरा होने से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- Kanpur Metro News: दिवाली से पहले नौबस्ता तक मेट्रो चलाने की तैयारी, 16 ट्रेनों से घटेगा इंतजार


