साप्ताहिक राशिफल 31 अगस्त-6 सितंबर 2026: आज से अगस्त का महीना खत्म हो रहा है और एक दिन बाद सितंबर 2026 का पहला सप्ताह शुरू हो रहा है. कई राशि के जातकों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकता है. 31 अगस्त से 6 सितंबर के बीच ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति का असर करियर, कारोबार, धन, परिवार और प्रेम संबंधों पर देखने को मिल सकता है. कुछ राशियों के लिए समय सफलता और आर्थिक लाभ लेकर आएगा, जबकि कुछ लोगों को फैसले लेते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी. आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल.
मेष राशि
मेष राशि के लिए यह सप्ताह काफी शुभ रहने वाला है. सप्ताह का पूर्वार्ध उत्तरार्ध की तुलना में अधिक अनुकूल रहेगा. लंबे समय से चली आ रही किसी निजी परेशानी का समाधान निकल सकता है और संतान पक्ष से अच्छी खबर मिलने के योग हैं. नौकरी और कारोबार दोनों के लिए समय अच्छा रहेगा. नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सहयोग मिलेगा, वहीं कारोबारियों को आर्थिक लाभ हो सकता है.
सप्ताह के मध्य में पिकनिक या पर्यटन का कार्यक्रम बन सकता है. युवाओं का समय मौज-मस्ती में बीतेगा और धार्मिक या मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा. नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय बढ़ सकती है और अचानक धन प्राप्ति के योग भी हैं. परिवार का सहयोग मिलेगा. प्रेम संबंधों में गलतफहमियां दूर होंगी और दांपत्य जीवन मधुर रहेगा. स्वास्थ्य भी अनुकूल रहेगा.
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और सिंदूर का तिलक लगाएं.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लिए सप्ताह का पहला भाग पिछले सप्ताह की अपेक्षा बेहतर रहेगा. आत्मीय लोगों का सहयोग मिलेगा और पुरानी परेशानियों का समाधान खोजने में सफलता मिल सकती है. छोटी या लंबी दूरी की यात्रा के योग हैं, जिनसे लाभ भी मिल सकता है.
सप्ताह के मध्य में किसी प्रिय व्यक्ति के घर आने से खुशी का माहौल बनेगा. उत्तरार्ध थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. लोगों से बातचीत में मर्यादा बनाए रखें और विशेष रूप से महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार न करें जिससे मान-सम्मान प्रभावित हो. नौकरी में बड़ा बदलाव संभव है. कार्यस्थल पर विवाद से बचें. कारोबार में निवेश और धन के लेनदेन में सावधानी रखें. परिवार के बड़ों की सलाह का सम्मान करें.
उपाय: भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें तथा श्री सूक्त का पाठ करें.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए सप्ताह नए अवसर लेकर आएगा. करियर और कारोबार में सकारात्मक बदलाव हो सकते हैं. नौकरी बदलने की लंबे समय से चल रही योजना पूरी हो सकती है, लेकिन फैसला लेने से पहले वरिष्ठ या शुभचिंतक की सलाह लेना बेहतर रहेगा. कारोबार में मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा और मनचाहा लाभ होने के योग हैं.
आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बचत बढ़ सकती है. नौकरीपेशा लोगों के लिए आय के नए रास्ते खुलेंगे. कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में पक्ष में फैसला आने की संभावना है. सरकार और सत्ता से जुड़े मामलों में भी अनुकूलता रहेगी. परिवार और प्रेम संबंधों में सुखद समय बीतेगा.
उपाय: गणेश जी को दूर्वा चढ़ाकर प्रतिदिन गणेश चालीसा का पाठ करें.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए किस्मत का साथ बना रहेगा. सप्ताह की शुरुआत से ही कई रुके काम पूरे हो सकते हैं. किसी विशेष काम में शुभचिंतक की मदद मिल सकती है. कारोबार और धन लाभ के लिहाज से पूरा सप्ताह अच्छा रहेगा, लेकिन पूर्वार्ध ज्यादा लाभदायक होगा. पार्टनरशिप में कारोबार करने वालों को विशेष फायदा मिल सकता है.
साझेदार का पूरा सहयोग मिलेगा. नौकरीपेशा लोगों को सहकर्मियों और अधीनस्थों से मदद मिलेगी और वे अपने लक्ष्य समय पर पूरे कर पाएंगे. काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है. विद्यार्थियों को मेहनत का फल मिलेगा और उच्च शिक्षा के प्रयास सफल हो सकते हैं. परिवार में प्रेम बना रहेगा.
उपाय: प्रतिदिन शिवोपासना करें और शिव मंत्र का जप करें.
सिंह राशि
सिंह राशि के लिए सप्ताह उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है. समय, ऊर्जा और धन का सही प्रबंधन करना जरूरी होगा. कारोबार में जोखिम वाले निवेश से बचें. पार्टनरशिप में आंख मूंदकर भरोसा न करें. नौकरी और व्यवसाय दोनों में सतर्क रहना लाभकारी रहेगा.
सप्ताह के मध्य में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी तथा धर्म स्थान की यात्रा हो सकती है. यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखें. मौसमी बीमारी या पुराने रोग को नजरअंदाज न करें. विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए अधिक मेहनत करनी होगी. परिवार में सामंजस्य के लिए समझौता करना पड़ सकता है. प्रेम जीवन में हल्की नोकझोंक बनी रह सकती है.
उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें.
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए सप्ताह औसत रहेगा. आलस्य और अभिमान से बचना जरूरी है. काम को टालने के बजाय समय पर पूरा करें और लोगों से तालमेल बनाकर चलें. कारोबार में उतार-चढ़ाव रह सकता है, इसलिए गतिविधियों पर नजर रखें. निवेश से पहले शुभचिंतकों की सलाह लें.
उत्तरार्ध में स्वास्थ्य, संबंध और सम्मान से जुड़ी चुनौतियां आ सकती हैं. खानपान और दिनचर्या ठीक रखें. मजाक में भी किसी का उपहास करने से बचें, वरना पुराने रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं. कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों और अधिकारियों से विवाद से बचना होगा.
उपाय: गणेश जी की पूजा में गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें.
तुला राशि
तुला राशि के लिए सप्ताह मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा. शुरुआत में अच्छी खबर मिल सकती है और किसी बड़ी परेशानी से राहत मिलने के योग हैं. कोर्ट-कचहरी के मामलों में अनुकूलता रहेगी और विरोधी समझौते की पहल कर सकते हैं. पूर्वार्ध में पुराने कामों में प्रगति होगी.
मध्य सप्ताह में अचानक बड़ा खर्च सामने आ सकता है. परिवार के बुजुर्ग की सेहत या संतान से जुड़ी समस्या चिंता बढ़ा सकती है. यात्रा भी संभव है. कारोबारियों को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा. घर और कार्यस्थल पर विवाद से बचें. प्रेम संबंधों में संवाद से गलतफहमियां दूर करें.
उपाय: स्फटिक के शिवलिंग की पूजा करें और चालीसा का पाठ करें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा. काम पूरे करने में अड़चनें आ सकती हैं और शुरुआत में मान-सम्मान को लेकर स्थिति बन सकती है. काम सावधानी से करें और अपनी वाणी व व्यवहार पर विशेष ध्यान दें.
मध्य सप्ताह में संतान से जुड़ी चिंता हो सकती है. कामकाज की परेशानियों से मन उदास रहेगा, लेकिन उत्तरार्ध में परिस्थितियां धीरे-धीरे सुधरेंगी. परिवार और आत्मीय लोगों का सहयोग मिलेगा. अटके काम आगे बढ़ने से आत्मविश्वास बढ़ेगा.
उपाय: हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें.
धनु राशि
धनु राशि के लिए सप्ताह सौभाग्य लेकर आएगा. शुरुआत में कामकाज की कुछ परेशानियां रहेंगी, लेकिन जल्द ही परिस्थितियां नियंत्रण में आने लगेंगी. रोजगार से जुड़े प्रयास सफल होंगे. नौकरी में वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों का सहयोग मिलेगा.
धार्मिक, पारिवारिक या मांगलिक कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल होने का अवसर मिल सकता है. पुरानी बीमारी या शारीरिक परेशानी में सुधार होगा. आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और निवेश की योजना बन सकती है. प्रेम या दांपत्य जीवन की समस्या प्रभावी व्यक्ति की मदद से सप्ताह के अंत तक सुलझ सकती है.
उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और विष्णु चालीसा पढ़ें.
मकर राशि
मकर राशि के लिए यह सप्ताह बेहद शुभ और लाभदायक रहेगा. कार्य समय पर पूरे होंगे और घर-बाहर सहयोग मिलेगा. नौकरी में काम की तारीफ होगी और टीम व वरिष्ठों की मदद से लक्ष्य समय से पहले पूरे हो सकते हैं. कारोबारी यात्राएं लाभदायक रहेंगी और बड़ी डील होने की संभावना है.
विदेश से जुड़े कारोबार या विदेश में करियर की कोशिश कर रहे लोगों के लिए समय अच्छा है. विद्यार्थियों को परीक्षा और प्रतियोगिता में सफलता मिल सकती है. उत्तरार्ध सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सम्मान दिलाने वाला रहेगा. प्रेम जीवन अनुकूल रहेगा और भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा.
उपाय: भगवान शिव की पूजा में रुद्राष्टकं का पाठ करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए भाग्य अनुकूल रहेगा. करियर और कारोबार को आगे बढ़ाने के अवसर मिलेंगे. नौकरी में वरिष्ठ बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं. टीम से चल रही गलतफहमियां दूर होंगी और सहयोग मिलने लगेगा.
आय बढ़ सकती है. पुराने निवेश से लाभ या अटका धन वापस मिलने की संभावना है. कारोबार में मंदी दूर होगी और बाजार में साख बढ़ेगी. उत्तरार्ध में आय के नए अवसर मिल सकते हैं. प्रभावी व्यक्ति की मदद से लाभकारी योजना से जुड़ने का मौका मिलेगा. कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिल सकती है. परिवार और ससुराल पक्ष का सहयोग मिलेगा. प्रेम संबंधों की अड़चनें भी दूर होंगी.
उपाय: हनुमान जी की पूजा करें और हनुमान चालीसा का पाठ करें.
मीन राशि
मीन राशि के लिए सप्ताह औसत फलदायी रहेगा. ऋण, रोग और गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें. कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रह सकते हैं, इसलिए योजनाओं को पूरा होने से पहले किसी के सामने साझा न करें. कारोबार में जोखिमपूर्ण निवेश से बचें और दूसरों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें.
मध्य सप्ताह में विवाद के कारण मानसिक तनाव हो सकता है. नौकरीपेशा लोगों की जिम्मेदारियों में बदलाव या अनचाही जगह पर ट्रांसफर संभव है. मुश्किल समय में परिवार का साथ मिलेगा, इसलिए आवेश में निर्णय लेने से बचें. परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सफलता के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी होगी.
उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें.


