अयोध्या. डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र के अनुपालन में ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आहूत की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य तमिलनाडु से आने वाले शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के अयोध्या में शैक्षिक भ्रमण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के सफल आयोजन की रूपरेखा तैयार करना था.
बैठक में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह सहित प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज तथा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के कुलपति, मंडलायुक्त प्रयागराज, जिलाधिकारी वाराणसी एवं निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) शामिल रहे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि वाराणसी में आयोजित होने वाले ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ के अंतर्गत तमिलनाडु से 50 शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल 28 नवम्बर को वाराणसी पहुंचेगा और कार्यक्रम के समापन अर्थात 12 दिसम्बर, 2026 तक उत्तर प्रदेश में प्रवास करेगा. इस दौरान ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज एवं अयोध्या के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में महान तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ का शिक्षण करेंगे.
इसी क्रम में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर एवं इससे संबद्ध महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के मध्य जागरूकता बढ़ाने के लिए क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को तमिल संस्कृति के तीन मूल सिद्धांतों— धर्म, अर्थ और प्रेम (वर्चू, वेल्थ एंड लव) के जरिये भारत की समृद्ध प्राचीन संस्कृति और जीवन मूल्यों से परिचित कराया जाएगा.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि काशी तमिल संगमम उत्तर और दक्षिण भारत की सनातन ज्ञान परंपरा को एक सूत्र में पिरोने वाला महाअभियान है. अयोध्या की पावन धरती पर तमिलनाडु के विद्वान शिक्षकों का स्वागत हमारे विद्यार्थियों के लिए एक स्वर्णिम अवसर है. ‘तिरुक्कुरल’ के माध्यम से धर्म, अर्थ और प्रेम के शाश्वत मूल्यों को आत्मसात कर हमारी युवा पीढ़ी न केवल अपनी प्राचीन विरासत से जुड़ेगी और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी.”
कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में आयोजित इस वर्चुअल बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल एवं कुलसचिव विनय कुमार सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधा, डॉ .श्रीश अस्थाना के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे.विशेष रूप से उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें- अब अंग्रेजी में भी ‘West Bengal’ नहीं, ‘Paschim Banga’ होगा नाम, CM सुवेंदु अधिकारी का ऐलान
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर CAQM सख्त, 2027 में 20% कमी का लक्ष्य, अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही


