WhatsApp New Security Features: WhatsApp ने यूजर्स की अकाउंट सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नए सेफ्टी फीचर्स पेश किए हैं. कंपनी ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन को ज्यादा सुरक्षित बनाने, एक ही अकाउंट में कई Passkeys जोड़ने और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल के बारे में अतिरिक्त जानकारी देने जैसे नए फीचर्स शुरू किए हैं. मंगलवार को घोषित इन नए सुरक्षा उपायों का उद्देश्य यूजर्स को अकाउंट हैकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन स्कैम और अकाउंट टेकओवर जैसे बढ़ते साइबर खतरों से बेहतर सुरक्षा देना है.
अब 6 अंकों के PIN की जगह बना सकेंगे मजबूत पासवर्ड
अब तक WhatsApp के टू-स्टेप वेरिफिकेशन में यूजर्स को अतिरिक्त सुरक्षा के लिए 6 अंकों का PIN इस्तेमाल करना पड़ता था. यह PIN उस स्थिति में अकाउंट को सुरक्षित रखने में मदद करता था, जब किसी के पास यूजर का वन-टाइम पासकोड पहुंच जाए. अब कंपनी यूजर्स को लंबा अल्फान्यूमेरिक पासवर्ड और स्पेशल कैरेक्टर्स इस्तेमाल करने का विकल्प दे रही है. यानी यूजर्स अक्षर, नंबर और विशेष चिन्हों का इस्तेमाल कर पहले से ज्यादा मजबूत सुरक्षा तैयार कर सकेंगे. इससे किसी के लिए पासवर्ड का अनुमान लगाना और अकाउंट तक पहुंच बनाना अधिक मुश्किल हो जाएगा.
एक WhatsApp अकाउंट में जोड़ सकेंगे कई Passkeys
WhatsApp ने Passkey फीचर को भी अपग्रेड किया है. अब यूजर्स एक ही अकाउंट में एक से ज्यादा Passkeys जोड़ सकेंगे. यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जो एक साथ iPhone और Android डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं. यूजर अलग-अलग डिवाइस पर Passkey सेट कर अपने अकाउंट को आसानी से और सुरक्षित तरीके से एक्सेस कर सकेंगे.
Face ID और Fingerprint से होगा सुरक्षित लॉगिन
WhatsApp ने 2024 में Passkeys का सपोर्ट शुरू किया था. Passkeys पारंपरिक पासवर्ड की तुलना में अधिक सुरक्षित माने जाते हैं. इसके जरिए यूजर्स Face ID या Fingerprint का इस्तेमाल कर अपने अकाउंट में लॉगिन कर सकते हैं. इससे बार-बार यूजरनेम और पासवर्ड डालने की जरूरत नहीं पड़ती. पारंपरिक पासवर्ड अक्सर फिशिंग और डेटा चोरी के जरिए साइबर अपराधियों के हाथ लग सकते हैं, लेकिन Passkeys के साथ ऐसा करना ज्यादा मुश्किल होता है. किसी हमलावर को अकाउंट तक पहुंच बनाने के लिए उस डिवाइस तक भी पहुंच की जरूरत पड़ सकती है, जिसमें Passkey सुरक्षित है.
Delhi Traffic Police New Rule: दिल्ली में अब लोकल पुलिस भी काटेगी ई-चालान? जानें नया नियम
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर भी मिलेगी ज्यादा जानकारी
WhatsApp ने अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर भी अतिरिक्त जानकारी देने का फीचर जोड़ा है. इसका मकसद यूजर्स को संदिग्ध कॉल और संभावित ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क करना है. कंपनी के इन नए फीचर्स ऐसे समय में आए हैं, जब फिशिंग, अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन स्कैम के तरीके लगातार ज्यादा आधुनिक और जटिल होते जा रहे हैं. WhatsApp के नए सेफ्टी फीचर्स से साफ है कि कंपनी अब अकाउंट सिक्योरिटी को मजबूत बनाने के साथ-साथ यूजर्स के लिए इसे आसान भी रखना चाहती है.


