Pink Saheli Smart Card: दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों से सफर करने वाली महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. मुफ्त बस यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी किए जाने की समयसीमा को बढ़ा दिया गया है. अब महिलाएं 17 सितंबर 2026 तक मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था के जरिए मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा सकेंगी. इससे उन महिलाओं को राहत मिली है, जो अभी तक स्मार्ट कार्ड नहीं बनवा पाई हैं.
Sarkari Naukri 2026: 29 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर मौका, 10वीं पास से ग्रेजुएट तक करें आवेदन
17 सितंबर तक जारी रहेगा पिंक टिकट से मुफ्त सफर
पहले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को लेकर व्यवस्था में बदलाव की समयसीमा 31 अगस्त तक थी. अब इसे बढ़ाकर 17 सितंबर कर दिया गया है. यानी जिन पात्र महिला यात्रियों के पास अभी स्मार्ट कार्ड नहीं है, उन्हें तत्काल मुफ्त बस यात्रा से वंचित नहीं होना पड़ेगा.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा. बस में कार्ड को मशीन पर टैप करके यात्रा की सुविधा ली जा सकेगी.
ऑनलाइन नहीं, ऑफलाइन बनेगा स्मार्ट कार्ड
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए फिलहाल ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है. महिलाओं को निर्धारित केंद्र पर जाकर ही पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
दिल्ली में कार्ड जारी करने के लिए 50 से ज्यादा अधिकृत केंद्र बनाए गए हैं. इनमें डिप्टी कमिश्नर और एसडीएम कार्यालयों के अलावा डीटीसी डिपो के आसपास बनाए गए केंद्र भी शामिल हैं.
कार्ड बनवाने के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए महिलाओं को अपना आधार कार्ड साथ लेकर जाना होगा. आधार कार्ड की फोटो कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी. इसके अलावा आधार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक चालू मोबाइल नंबर जरूरी होगा, जिस पर OTP प्राप्त किया जा सके.
वेरिफिकेशन के दौरान बायोमेट्रिक या मोबाइल पर आए OTP का इस्तेमाल किया जा सकता है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र पर ही फोटो ली जाएगी.
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बनवा सकेंगी कार्ड
कार्ड बनवाने की सुविधा निर्धारित केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी. महिलाएं सप्ताह के सातों दिन तय समय के भीतर केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकती हैं.
आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा. इससे महिलाओं को कार्ड के लिए अलग से लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
17 सितंबर के बाद क्या बदलेगा?
17 सितंबर तक महिलाओं को पिंक टिकट के जरिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी. इसके बाद मुफ्त यात्रा की व्यवस्था पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड आधारित हो जाएगी. इसलिए जिन महिलाओं को नियमित रूप से डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर करना है, उनके लिए समय रहते कार्ड बनवा लेना बेहतर रहेगा.
दिल्ली सरकार ने समयसीमा बढ़ाने का फैसला इसलिए भी किया है ताकि पिंक टिकट से स्मार्ट कार्ड व्यवस्था में बदलाव के दौरान महिला यात्रियों को परेशानी न हो.


