Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से मणिपर्वत स्थित वृद्ध आश्रम में सेवा और जनकल्याण की पहल की गई. विश्वविद्यालय की ओर से आश्रम में रह रहे 135 वृद्धजनों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया. इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने वृद्धजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया.
‘वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर’
कुलपति कर्नल डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने कहा कि वृद्धजनों के पास जीवन का लंबा अनुभव और महत्वपूर्ण जीवन-मूल्य हैं. उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बुजुर्गों के सम्मान, सेवा और गरिमा का ध्यान रखे. उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के साथ समय बिताना और उनकी जरूरतों में सहयोग करना सामाजिक संवेदनशीलता का परिचायक है. बुजुर्गों की सेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी संवेदनशीलता और संस्कारों को दर्शाती है.
सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहा विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल ने कहा कि अवध विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है. इस तरह के सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम विद्यार्थियों में मानवीय संवेदना, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
कचरे का ढेर बन गई थी MP की ये अजनार नदी, अकेले बिट्टू तबाही ने बदल दी पूरी तस्वीर
‘वृद्धजनों की सेवा ही सच्ची सामाजिक संवेदना’
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा ही सच्ची सामाजिक संवेदना है. विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग है. ऐसे कार्यक्रम समाज के जरूरतमंद वर्ग के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करते हैं. कार्यक्रम में डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. प्रभात सिंह, वृद्ध आश्रम संचालक अम्बरीश मिश्रा समेत समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी मौजूद रहे.


