Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित UGC-NET/JRF परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है. परिसर के विभिन्न शैक्षणिक विभागों के छात्र-छात्राओं ने JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता (NET) और PhD पात्रता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
इतिहास विभाग के विद्यार्थियों ने लहराया परचम
इतिहास विभाग से चंद्रकेतु सिंह ने NET-JRF में सफलता हासिल की. अमित कुमार वर्मा और आख्या राय ने NET के साथ PhD पात्रता प्राप्त की, जबकि आदर्श तिवारी ने NET परीक्षा उत्तीर्ण की.
कई विषयों में विद्यार्थियों को मिली सफलता
पब्लिक गवर्नेंस एंड पॉलिसी विषय में अमित उपाध्याय ने NET परीक्षा में सफलता हासिल की. हिंदी विभाग से शिवानी ने NET-JRF उत्तीर्ण किया, जबकि अनूप कुमार और अमित शुक्ला ने PhD पात्रता हासिल की. शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग से जीतू यादव ने JRF के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अर्हता प्राप्त की. भूगोल विभाग से तान्या और अपूर्व प्रजापति ने NET एवं PhD पात्रता हासिल की, जबकि प्रियंका चौहान ने PhD पात्रता अर्जित की.
पर्यावरण और पर्यटन प्रबंधन में भी शानदार प्रदर्शन
पर्यावरण विज्ञान विभाग की कंचन लता ने NET एवं PhD परीक्षा में सफलता प्राप्त की. पर्यटन प्रबंधन विभाग से तनवी पांडेय ने NET एवं PhD पात्रता हासिल की, जबकि रोहित पाल ने PhD पात्रता प्राप्त की. शिक्षाशास्त्र विभाग से कविता मिश्रा और मीणा ने NET एवं PhD परीक्षा में सफलता हासिल की. वहीं, जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की गीतांजलि मिश्रा ने PhD प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की.
‘मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है सफलता’
अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. नीलम पाठक ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि कुलपति के कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व में विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण लगातार मजबूत हो रहा है. उन्होंने कहा कि आवासीय परिसर के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय में शोध एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण का प्रमाण है. विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी.
शिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विभागाध्यक्षों और अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया. सभी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.


