नई दिल्ली: फिल्म ‘धुरंधर’ में यालिना जमाली के किरदार से चर्चा बटोरने वाली सारा अर्जुन इन दिनों अपने अभिनय के साथ-साथ स्टाइल को लेकर भी सुर्खियों में हैं. शुक्रवार को उन्होंने लैक्मे फैशन वीक x FDCI में पहली बार रैंप वॉक किया. इस दौरान उनका अंदाज जितना खास रहा, उतनी ही दिलचस्प उनकी खूबसूरती और फैशन को लेकर सोच रही. सारा ने साफ कहा कि कोई भी हर वक्त परफेक्ट नहीं होता और कपड़े पहनते समय उनके लिए सबसे ज्यादा मायने आराम का है.
यह भी पढ़ें- PM CARES for Children Scholarship: स्कॉलरशिप के लिए आधार जरूरी, नंबर नहीं होने पर क्या करें?
नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित इस फैशन शो में सारा अर्जुन, डिजाइनर अनुष्री रेड्डी के साथ लैक्मे सैलून के सहयोग से पेश किए गए कलेक्शन की शोस्टॉपर बनीं. उन्होंने डिजाइनर के फॉल ब्राइडल कलेक्शन ‘MAYA’ का पाउडर ब्लू रंग का खूबसूरत गाउन पहनकर रैंप पर कदम रखा. सफेद रंग की बारीक कढ़ाई, खास डिजाइन वाला पेप्लम और नीचे की ओर फैला मरमेड हेम उनके लुक को किसी परी-कथा जैसा अंदाज दे रहा था.
पहली रैंप वॉक वैसी ही, जैसी मन में सोची थी
सारा अर्जुन ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि उन्होंने अपनी पहली फैशन वीक रैंप वॉक को लेकर पहले से एक तस्वीर मन में बना रखी थी. दिलचस्प बात यह रही कि उनका असली अनुभव भी काफी हद तक वैसा ही निकला. अपने आउटफिट की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी बनावट, सिल्हूट और रंग बेहद पसंद आए. सारा के मुताबिक, यह ड्रेस उनके व्यक्तित्व को दर्शाती है और उन्हें इसमें अपना अंदाज नजर आया.
खूबसूरती का राज बताते हुए बोलीं- मैं हर वक्त फ्लॉलेस नहीं रहती
सारा से जब उनकी चमकती त्वचा और खूबसूरत बालों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसका श्रेय अपनी हेयर स्टाइलिस्ट, मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट को दिया. साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कैमरे के सामने खूबसूरत दिखने के पीछे कई लोगों की मेहनत होती है. सारा ने कहा, “मैं हर वक्त इतनी खूबसूरत नहीं दिखती और न ही हमेशा फ्लॉलेस रहती हूं.”
उनकी यह बात उन लोगों के लिए एक सहज संदेश है, जो सोशल मीडिया और ग्लैमर की दुनिया में दिखने वाली परफेक्ट तस्वीरों से अपनी तुलना करने लगते हैं. सारा ने समझाया कि खूबसूरती को लेकर किसी एक तय मानक के पीछे भागने के बजाय अपनी जरूरतों को समझना ज्यादा जरूरी है.
ब्यूटी रूटीन पर भी दी खास सलाह
सारा अर्जुन का मानना है कि हर व्यक्ति की त्वचा, बाल और जरूरतें अलग होती हैं. ऐसे में जरूरी नहीं कि किसी दूसरे का ब्यूटी रूटीन हर किसी के लिए सही साबित हो. उन्होंने कहा कि लोगों को वही करना चाहिए जो उनके लिए सही हो. उनके इस नजरिए में दिखावे से ज्यादा खुद को समझने और अपनी देखभाल करने पर जोर नजर आता है.
फैशन के मामले में अभी खुद को तलाश रही हैं सारा
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में यालिना जमाली का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली सारा अब कई युवा लड़कियों के लिए फैशन और ब्यूटी इंस्पिरेशन बन रही हैं. हालांकि, उनका कहना है कि वह खुद भी अपनी रोजमर्रा की स्टाइल को अभी समझ रही हैं. अपने फैशन सेंस के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रही हूं. कपड़े पहनने के मामले में मेरा अंदाज काफी बदलता रहता है और आमतौर पर मैं आराम को प्राथमिकता देती हूं.”
सारा की यह सोच बताती है कि फैशन को किसी एक स्टाइल तक सीमित रखना जरूरी नहीं है. अपने मूड, पसंद और सहजता के हिसाब से कपड़े चुनना भी व्यक्तिगत स्टाइल का हिस्सा है.
पाउडर ब्लू गाउन में दिखा ब्राइडल फैशन का नया अंदाज
सारा अर्जुन ने अनुष्री रेड्डी के ‘MAYA’ फॉल ब्राइडल कलेक्शन से चुने गए पाउडर ब्लू गाउन में पारंपरिक लाल और सुनहरे रंगों से हटकर एक अलग ब्राइडल लुक पेश किया. गाउन पर सफेद कढ़ाई और इसकी आकर्षक बनावट ने उनके लुक को खास बनाया.
शो के दौरान ननखटाई बैंड ने शादी से जुड़े गीतों की लाइव प्रस्तुति दी, जिससे पूरे आयोजन में भारतीय विवाह समारोह जैसा माहौल नजर आया.
सारा की पहली रैंप वॉक ने जहां उनके फैशन सेंस की झलक दिखाई, वहीं उनकी बातों ने यह भी बताया कि उनके लिए खूबसूरती का मतलब हर वक्त परफेक्ट दिखना नहीं, बल्कि खुद को सहज महसूस करना है.
यह भी पढ़ें- BJP President Nitin Nabin: विपक्ष पर देश को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप, सुधांशु त्रिवेदी ने भी साधा निशाना


