Uttar Pradesh Road Projects: उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने 22 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं पर कुल 676.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. करीब 222 किलोमीटर लंबी इन सड़कों में सबसे प्रमुख ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण है. मथुरा और अलीगढ़ जिले में इस मार्ग के 96 किलोमीटर से अधिक हिस्से को 5.5 मीटर चौड़ा करने के लिए 307.31 करोड़ रुपये की योजना को व्यय वित्त समिति की स्वीकृति मिली है.
यह भी पढ़ें- Rahul Gandhi: सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में कल पेश हो सकते हैं राहुल गांधी, अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़ा है मानहानि मामला
307 करोड़ से चौड़ा होगा ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग
ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग की चौड़ाई अलग-अलग हिस्सों में तीन से साढ़े पांच मीटर तक है. संकरे रास्तों के कारण परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी होती है. इसी समस्या को दूर करने के लिए मार्ग को एक समान 5.5 मीटर चौड़ा करने की योजना बनाई गई है.
परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण भी किया जाएगा. मार्ग के चौड़ीकरण और सुधार से परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होने और यातायात संबंधी दिक्कतें कम होने की उम्मीद है.
तीन राज्यों से होकर गुजरता है 265 किमी लंबा परिक्रमा मार्ग
ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग की कुल लंबाई करीब 265 किलोमीटर बताई जाती है. इसका लगभग 158 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश, 71 किलोमीटर राजस्थान और 36 किलोमीटर हरियाणा में पड़ता है.
यह मार्ग ब्रज क्षेत्र के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ता है. इनमें दाऊजी महाराज मंदिर, बलदेव, गोकुल, रमणरेती आश्रम, रसखान समाधि, ब्रह्मांड घाट और चिंताहरण महादेव मंदिर शामिल हैं. मार्ग के बेहतर होने से इन स्थलों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है.
10 जिलों में 21 अन्य धार्मिक सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
ब्रज परिक्रमा मार्ग के अलावा प्रदेश के 10 जिलों में 21 अन्य धार्मिक सड़क परियोजनाओं के लिए 369 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इन जिलों में अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बलिया, चित्रकूट, जालौन, लखीमपुर खीरी, संभल और प्रतापगढ़ शामिल हैं.
इन परियोजनाओं के तहत सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करने के साथ डायवर्जन मार्ग तथा नए मार्गों का निर्माण भी किया जाएगा. इससे धार्मिक स्थलों तक पहुंच बेहतर बनाने और स्थानीय आवागमन को सुविधाजनक करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
धार्मिक पर्यटन और सड़क कनेक्टिविटी पर जोर
प्रदेश सरकार की धर्मार्थ कार्ययोजना के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान करना और सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है. खासकर ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से उत्तर प्रदेश के साथ राजस्थान और हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- नवी मुंबई एयरपोर्ट के आसपास विकास कार्यों को मिली गति, 953 करोड़ की परियोजना से सुधरेगी कनेक्टिविटी


