Hanuman Ansh Global Release: श्री नीब करौरी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब भारत के बाद दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने जा रही है. फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज 11 सितंबर 2026 को होगी. विदेशों में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी होम्बले फिल्म्स ने संभाली है. विशाल चतुर्वेदी के लेखन और निर्देशन में बनी यह फिल्म नीब करौरी बाबा, जिन्हें भक्त प्रेम से महाराज जी कहते हैं, के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित है. बाबा के अनुयायी उन्हें भगवान हनुमान का अंश या अवतार मानते हैं. प्रेम, भक्ति और सेवा को केंद्र में रखने वाली उनकी शिक्षाओं ने देश-विदेश में लाखों लोगों को प्रभावित किया है.
भारत में मजबूत रन के बाद अब ग्लोबल दर्शकों की बारी
भारत में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी ‘हनुमान अंश’ ने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया है. कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगातार दर्शकों का ध्यान खींचा है. फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने इसे ‘2026 की सबसे बड़ी सफलता की कहानी’ तक बताया है. अब होम्बले फिल्म्स के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के जरिए फिल्म को विदेशी बाजारों में रिलीज किया जाएगा. कंपनी ने सोशल मीडिया पर फिल्म की ग्लोबल रिलीज का ऐलान करते हुए इसे आस्था और सीमाओं से परे जाने वाली आध्यात्मिक यात्रा बताया.
स्टीव जॉब्स से लेकर जूलिया रॉबर्ट्स तक, बाबा की कहानी का दुनिया पर असर
नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत का प्रभाव भारत तक सीमित नहीं रहा. दुनिया की कई चर्चित हस्तियों का नाम भी उनके विचारों और कैंची धाम से जुड़ा रहा है. बताया जाता है कि स्टीव जॉब्स 1974 में आध्यात्मिक मार्गदर्शन की तलाश में भारत आए थे और महाराज जी से जुड़े स्थानों तक पहुंचे थे. बाद में मार्क जुकरबर्ग ने भी कैंची धाम का दौरा किया था. वहीं हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने भी अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर नीब करौरी बाबा के प्रभाव की बात कही है.
संत परंपरा और ‘सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो’ का संदेश
फिल्म भारत की सनातन संत परंपरा में निहित प्रेम, विनम्रता, सेवा और भक्ति की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करती है. इसकी कहानी में बाबा को ऐसे संत के रूप में दिखाया गया है, जो सत्ता, राजनीति, स्वामित्व और प्रशंसा से दूर रहे. फिल्म का केंद्रीय संदेश सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, सबको खिलाओ और राम को याद करो है.
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
‘हनुमान अंश’ में शोभिना डब्ल्यू. सत्या, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडेय प्रमुख भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्माण रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नागर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है. भारत में फिल्म को सिनेपोलिस के जरिए ऑल-इंडिया थिएट्रिकल रिलीज मिली थी. अब 11 सितंबर को ‘हनुमान अंश’ की आध्यात्मिक कहानी भारत की सीमाओं को पार कर ग्लोबल स्क्रीन पर दस्तक देगी.


