मुंबई: मुंबई और कोंकण क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करते हुए गुरुवार को एक नई daily एक्सप्रेस ट्रेन सेवा (15087/15088) की शुरुआत की गई. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सावंतवाड़ी रोड के बीच चलने वाली इस ट्रेन को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. लगभग 510 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग के शुरू होने से मुंबई सीधे रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे प्रमुख जिलों से जुड़ गई है. आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए इसे कोंकण वासियों के लिए बेहद राहत भरा कदम माना जा रहा है.
नई ट्रेन सेवा की मुख्य विशेषताएं
CSMT से सावंतवाड़ी रोड (ट्रेन सं. 15087) रोजाना रात 11:55 बजे CSMT से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:15 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी. वहीं सावंतवाड़ी रोड से CSMT (ट्रेन सं. 15088) रोजाना शाम 5:20 बजे सावंतवाड़ी रोड से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:40 बजे CSMT पहुंचेगी. बता दें कि दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, माणगांव, वीर, खेड़, चिपलून, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव, कणकवली, सिंधुदुर्ग और कुडाल. आधुनिक LHB कोचों से लैस इस ट्रेन से यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
आर्थिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को मिलेगा बल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि इस सेवा से कोंकण के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय उत्पादकों को सीधा लाभ होगा. मछुअरें और स्थानीय व्यापारी अब मुंबई के बाजारों तक अपना सामान तेजी से पहुंचा सकेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा. साथ ही रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन उद्योग को भी नया विस्तार मिलेगा.
गणेशोत्सव की विशेष तैयारी और मुंबई लोकल का आधुनिकीकरण
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि गणेशोत्सव के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस साल 350 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर 370 तक बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा, मुंबई उपनगरीय नेटवर्क (Local Trains) के लिए 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम जारी है, 15 कोच लोकल प्लेटफॉर्मों की लंबाई बढ़ाई जा रही है ताकि 15 कोच वाली ट्रेनों का संचालन आसान हो सके. मुंबई के लिए 238 नई AC लोकल रेक स्वीकृत की गई हैं, जिनकी पहली डिलीवरी 2027 से शुरू होगी.
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट
ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर 100% पूरे हो चुके हैं. दानकुनी से सूरत के बीच नया ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर प्रस्तावित है, जिससे विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र को गति मिलेगी. मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना के तहत BKC और ठाणे के बीच भारत की पहली अंडरसी (समुद्र के नीचे) रेल टनल का निर्माण दो टनल बोरिंग मशीनों के जरिए तेजी से जारी है. इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री नितेश राणे और मुंबई की मेयर रितु तावड़े समेत कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे.


