नई दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत मरीन प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (MPEDA) 1 से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले Seafood Expo Bharat 2026 के दौरान दूसरे नेशनल सीफूड स्किल ओलंपियाड का आयोजन करेगा. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के सीफूड प्रोसेसिंग पेशेवरों की तकनीकी दक्षता को मंच देना, मूल्य संवर्धित (Value Added) समुद्री उत्पादों को बढ़ावा देना और भारतीय समुद्री खाद्य उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है.
दिल्ली EV पॉलिसी 2026 को कैबिनेट की मंजूरी, 2030 तक राजधानी को बनाया जाएगा जीरो-एमिशन ट्रांसपोर्ट हब
50 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2,500 से अधिक पेशेवरों को मिला प्रशिक्षण
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से पहले MPEDA ने देशभर में 50 Seafood Value Addition Training Programmes आयोजित किए. इनमें 2,500 से अधिक सीफूड प्रोसेसिंग कर्मचारियों और पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग वाले वैल्यू-एडेड उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण के दौरान ब्रेडेड स्क्विड रिंग्स, नोबाशी (स्ट्रेच्ड श्रिम्प), ब्रेडेड बटरफ्लाई श्रिम्प, कुक्ड PDTO श्रिम्प, मैरिनेटेड श्रिम्प स्क्यूअर्स और फिश फिलेट्स जैसे उत्पादों की प्रोसेसिंग सिखाई गई. प्रत्येक प्रशिक्षण के बाद प्रारंभिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनसे चयनित प्रतिभागियों ने राज्य और क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया.
राष्ट्रीय फाइनल में पहुंचेंगे देश के 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी
पश्चिमी तट के लिए मुंबई और पूर्वी तट के लिए विजयवाड़ा में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के बाद शीर्ष 10 प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय फाइनल के लिए जगह बनाई है.
ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागी समुद्री खाद्य प्रसंस्करण में अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का प्रदर्शन करेंगे. निर्णायक मंडल में उद्योग और अकादमिक जगत के विशेषज्ञ शामिल होंगे.
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार
नेशनल सीफूड स्किल ओलंपियाड के विजेताओं को पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे.
- प्रथम पुरस्कार – ₹1,00,000
- द्वितीय पुरस्कार – ₹75,000
- तृतीय पुरस्कार – ₹50,000
- सांत्वना पुरस्कार – ₹25,000
प्रतियोगिता के दौरान तैयार किए गए पुरस्कार विजेता वैल्यू-एडेड सीफूड उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा. साथ ही लाइव डेमो और टेस्टिंग सेशन भी आयोजित होंगे.
Seafood Expo Bharat 2026 में जुटेंगे 5,000 से अधिक वैश्विक प्रतिनिधि
तीन दिवसीय Seafood Expo Bharat 2026 में लगभग 5,000 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.
इस प्रदर्शनी में 325 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें सीफूड प्रोसेसिंग, एक्वाकल्चर, पैकेजिंग मशीनरी, लॉजिस्टिक्स और सरकारी पवेलियन शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें, तकनीकी सत्र और उद्योग से जुड़े कई विशेष आयोजन भी होंगे.
2030 तक वैल्यू-एडेड सीफूड निर्यात बढ़ाने का लक्ष्य
MPEDA के अध्यक्ष पी. जवाहर ने कहा कि यह पहल समुद्री खाद्य उद्योग में कुशल मानव संसाधन विकसित करने और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का समुद्री खाद्य निर्यात 8.45 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. वर्तमान में देश में 670 स्वीकृत सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट्स संचालित हैं, जिनमें से 127 यूनिट्स वैल्यू-एडेड समुद्री उत्पाद तैयार करती हैं.
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक कुल समुद्री खाद्य निर्यात में वैल्यू-एडेड उत्पादों की हिस्सेदारी को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करना है.
Source: Ministry of Commerce & Industry


