श्रीहरिकोटा : भारतीय निजी अंतरिक्ष क्षेत्र ने आज एक अभूतपूर्व इतिहास रच दिया है. देश की प्रमुख निजी स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) ने अपने पहले ऑर्बिटल-क्लास रॉकेट ‘विक्रम-1’ का सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC) के प्रथम लॉन्च पैड से दोपहर 12:08 बजे सफल प्रक्षेपण किया. इस ऐतिहासिक अभियान को ‘मिशन आगमन’ नाम दिया गया है, जो भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में निजी क्षेत्र के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है. इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही भारत अब अमेरिका और चीन के बाद दुनिया का तीसरा ऐसा देश बन गया है, जिसके पास घरेलू स्तर पर विकसित निजी ऑर्बिटल लॉन्च क्षमता मौजूद है.
पीएम मोदी ने दी बधाई
रॉकेट की सफल उड़ान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापकों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि ‘विक्रम-1’ की सफलता भारत के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को नई मजबूती देगी. लॉन्च से पहले भी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम को शुभकामनाएं देते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा का नया अध्याय बताया था.
क्या है ‘मिशन आगमन’?
स्काईरूट एयरोस्पेस की यह पहली ऑर्बिटल टेस्ट फ्लाइट है. मिशन का उद्देश्य 450 किलोमीटर की लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) में रॉकेट की क्षमता का परीक्षण करना है. पूरी उड़ान प्रक्रिया करीब 15 मिनट 46 सेकेंड में पूरी हुई, जिसमें रॉकेट ने 14 अहम चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया.
रॉकेट अपने साथ क्या लेकर गया?
‘विक्रम-1’ अपने साथ कई तकनीकी और विशेष पेलोड लेकर अंतरिक्ष पहुंचा. इनमें ग्रेहा स्पेस, कॉस्मोसर्व, डीक्यूब्ड और स्काईरूट का स्कोप सैटेलाइट शामिल है. इसके अलावा कॉस्मिक ब्लूम नाम का लैब-ग्रोन डायमंड आर्ट पीस, एक माइक्रो-आर्ट पीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हस्तलिखित पोस्टकार्ड भी इस मिशन का हिस्सा रहे.
पुलिस चौकी में घुसा शराबी, दरोगा की कुर्सी पर बैठ फाइलें खंगालता रहा; VIDEO चर्चा में
भारत के निजी स्पेस सेक्टर के लिए बड़ी छलांग
साल 2020 में अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधार और IN-SPACe की स्थापना के बाद यह निजी अंतरिक्ष उद्योग की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. स्काईरूट इससे पहले 2022 में ‘विक्रम-S’ के जरिए देश का पहला सब-ऑर्बिटल लॉन्च कर चुकी है. अब ‘विक्रम-1’ की सफलता के साथ कंपनी छोटे सैटेलाइट्स के लिए कमर्शियल और ऑन-डिमांड लॉन्च सेवाओं के वैश्विक बाजार में मजबूत दावेदारी पेश करेगी.


