Haldwani Shuddhikaran Controversy: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. दक्षिणपंथी संगठन श्रीराम सेना से जुड़े अमित कुमार ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दी है और उन पर जातिगत टिप्पणी कर अपमानित करने का आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, शिकायत में FIR दर्ज करने की मांग की गई है. हालांकि, मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है और पुलिस शिकायत की जांच कर रही है.
खुद को वाल्मीकि समाज से बताया, अपमानित करने का आरोप
अमित कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि वह अनुसूचित जाति के वाल्मीकि समुदाय से आते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणियों के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसे व्यक्ति के तौर पर पेश किया गया, जो छुआछूत में विश्वास करता है और दलित विरोधी है. शिकायतकर्ता के अनुसार, कांग्रेस की रैली के बाद आयोजन स्थल पर फैले कूड़े-कचरे की सफाई की गई थी. इसके बाद धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं के तहत वहां हवन और शुद्धिकरण अनुष्ठान किया गया. उन्होंने दावा किया कि इस पूरी प्रक्रिया का कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे या किसी अन्य व्यक्ति की जाति से कोई संबंध नहीं था.
खरगे की रैली के बाद शुरू हुआ था विवाद
यह विवाद 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सामने आया था. रैली स्थल पर कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया. राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी. कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि यह घटना दलितों के प्रति भेदभावपूर्ण मानसिकता को दर्शाती है.
प्रियंका गांधी ने भी FIR की मांग दोहराई
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को इस मुद्दे पर फिर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कथित ‘शुद्धिकरण’ को बेहद निंदनीय और शर्मनाक मानसिकता का प्रतीक बताया. प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि यह संविधान और SC/ST Act का उल्लंघन है. उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में FIR दर्ज कर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
कांग्रेस बोली- संविधान में विश्वास रखने वाले आहत
कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी इस तरह के मुद्दे उठा चुके हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष के साथ इस तरह की घटना हो सकती है तो यह गंभीर मामला है. कांग्रेस का कहना है कि देश में संविधान में विश्वास रखने वाले लोग इस घटना से आहत हैं.
उत्तराखंड: घायल की मदद करने पर मिलेगा 25 हजार रुपये तक का इनाम
BJP का पलटवार- वीडियो में कोई जातिगत एंगल नहीं
वहीं, बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड के कथित ‘शुद्धिकरण’ से जुड़े वीडियो में कोई जातिगत एंगल नहीं है. उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू समाज में जाति और अन्य मुद्दों के जरिए विभाजन पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. फिलहाल, हल्द्वानी कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ दी गई शिकायत की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है. ऐसे में शिकायत पर आगे की कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.


