Punjab Election 2027: पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिल रहा है. बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आगामी विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दोनों दलों के गठबंधन का ऐलान करते हुए दावा किया कि पंजाब में अगली सरकार NDA की बनेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठबंधन को राज्य की जनता का भारी समर्थन मिलेगा.
दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद गठबंधन को लेकर औपचारिक घोषणा की गई. शाह ने कहा कि अकाली दल आज से NDA में शामिल होगा. उन्होंने गुरु पर्व के मौके पर अपने पुराने सहयोगी की गठबंधन में वापसी को खास अवसर बताया.
तीन महीने की बातचीत के बाद तैयार हुआ रोडमैप
अमित शाह ने बताया कि पिछले तीन महीनों से बीजेपी नेता नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों पर लगातार बातचीत चल रही थी. इसमें किसानों की समस्याओं, राज्य की आर्थिक स्थिति और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर जैसे विषयों पर चर्चा हुई.
शाह के मुताबिक, इन बैठकों के बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है, जो पंजाब में बनने वाली संभावित NDA सरकार के कामकाज की दिशा तय करेगा. उन्होंने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और पंजाब को फिर से खुशहाल बनाना है.
नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई होगी प्राथमिकता
गृह मंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या और भ्रष्टाचार को गठबंधन की प्रमुख चुनौतियों में शामिल किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब से नशे के कारोबार को खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. इसके अलावा भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा.
AAP सरकार पर अमित शाह का हमला
अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने जनता के भरोसे के साथ विश्वासघात किया है और अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है.
शाह ने कहा कि पंजाब की जनता अब ऐसी सरकार और उसके नेताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी, जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है. उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग बदलाव का मन बना चुके हैं और बीजेपी-अकाली दल का साथ आना इस भावना को और मजबूत करेगा.
2027 में NDA को प्रचंड बहुमत मिलने का दावा
गठबंधन को लेकर विश्वास जताते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब की जनता NDA को भारी बहुमत देगी. उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनेगी और पंजाब में एक बार फिर समृद्धि बहाल की जाएगी.
इस गठबंधन के जरिए बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ-साथ कांग्रेस को भी चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों की यह राजनीतिक साझेदारी कितना असर दिखा पाती है.
यह भी पढ़ें- ईशा सिंह से दूर रहने की रजत दलाल ने अविनाश मिश्रा को दी चेतावनी, बोले- चार बार समझा चुका हूं
यह भी पढ़ें- नौकरी में प्रमोशन कब मिलेगा? कुंडली में देखें ये ग्रह, ज्योतिष शास्त्रों में बताए गए हैं तरक्की के संकेत


