लखनऊ: वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 (AI 1253) में उड़ान के दौरान अचानक धुआं दिखाई देने से हड़कंप मच गया. यात्रियों और क्रू मेंबरों ने केबिन में धुआं देखा तो इसकी सूचना तुरंत पायलट को दी गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारने का फैसला किया. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.
कचरे का ढेर बन गई थी MP की ये अजनार नदी, अकेले बिट्टू तबाही ने बदल दी पूरी तस्वीर
उड़ान भरने के कुछ देर बाद दिखा धुआं
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह विमान सुबह करीब 8 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद केबिन में धुआं दिखाई देने लगा. धुआं देखकर यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. क्रू सदस्यों ने स्थिति को संभालते हुए पायलट को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को लखनऊ ले जाने का निर्णय लिया.
लखनऊ ATC से संपर्क, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी व्यवस्था सक्रिय
पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी. अनुमति मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर तत्काल इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया. रनवे के आसपास फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और एंबुलेंस को तैयार रखा गया. पायलट की सूझबूझ से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर किए गए इंतजाम
विमान से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों के बैठने और खान-पान की व्यवस्था की गई.
उन्नाव को जाम से मिलेगी राहत, दोस्ती नगर बाईपास की बदलेगी तस्वीर; 22 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क
तकनीकी टीम कर रही विमान की जांच
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए अलग बे में ले जाया गया है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की तकनीकी टीम और इंजीनियर विमान की जांच कर रहे हैं और धुआं उठने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल धुआं उठने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शुरुआती स्तर पर एयर कंडीशनिंग सिस्टम या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.


