Unnao Dosti Nagar Bypass: उन्नाव शहर को भारी वाहनों के दबाव से बचाने वाले दोस्ती नगर बाईपास की तस्वीर अब बदलने वाली है. करीब एक साल पहले 44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए इस बाईपास को अब 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा करने की तैयारी है. इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने शासन को करीब 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है. बजट मंजूर होने के बाद चौड़ीकरण का काम शुरू कराया जाएगा.
बिहार कैबिनेट के 27 बड़े फैसले, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना 5 साल बढ़ी
रोज गुजरते हैं 10-12 हजार भारी वाहन
करीब 9.5 किलोमीटर लंबा दोस्ती नगर बाईपास नेशनल हाईवे-27 को उन्नाव-हरदोई स्टेट हाईवे से जोड़ता है. इस मार्ग से रोजाना करीब 10 से 12 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनमें बड़ी संख्या भारी वाहनों की है. बाईपास बनने से कानपुर-लखनऊ हाईवे और दूसरे मार्गों से आने वाले भारी वाहन उन्नाव शहर में प्रवेश किए बिना हरदोई, बांगरमऊ और दिल्ली की ओर निकल जाते हैं. इसी तरह लखनऊ, कानपुर, रायबरेली और प्रयागराज की ओर जाने वाले वाहनों को भी शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं पड़ती. मार्ग के 10 मीटर चौड़े होने से भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी. इससे जाम और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम होने की उम्मीद है.
बिलग्राम-सफीपुर-उन्नाव-प्रयागराज मार्ग से बढ़ेगी अहमियत
दोस्ती नगर बाईपास का महत्व आने वाले समय में और बढ़ सकता है. सांसद साक्षी महाराज की ओर से प्रस्तावित बिलग्राम-सफीपुर-उन्नाव-प्रयागराज राज्यमार्ग को नेशनल हाईवे में बदलने की प्रक्रिया शासन स्तर पर लंबित है. इस पर जल्द फैसला होने की संभावना है. अगर यह मार्ग नेशनल हाईवे बनता है तो बिलग्राम और सफीपुर से उन्नाव होते हुए प्रयागराज जाने वाले वाहनों के लिए दोस्ती नगर बाईपास महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी मार्ग बन जाएगा. वाहन बाईपास से होकर कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे तक पहुंचेंगे और करीब छह किलोमीटर आगे गदनखेड़ा से उन्नाव-रायबरेली एनएच-31 पर जा सकेंगे.
16 किमी का एक्सटेंशन भी प्रस्तावित
दोस्ती नगर बाईपास को भविष्य में 16 किलोमीटर और आगे बढ़ाने की योजना है. इसके लिए भी विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा है. एक्सटेंशन के बाद बाईपास ट्रांसगंगा सिटी से जुड़ जाएगा. इससे बाईपास पर यातायात का दबाव लगभग दोगुना होने का अनुमान है. ऐसे में सात मीटर चौड़ी सड़क को अभी से 10 मीटर करने की तैयारी को भविष्य की जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है.
जल्द मिल सकती है बजट की मंजूरी
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन हरदयाल अहरिवार के मुताबिक, बाईपास के चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है. ईएफसी की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है और जल्द बजट स्वीकृत होने की उम्मीद है. बजट मिलते ही बाईपास को 10 मीटर चौड़ा कराया जाएगा. इस चौड़ीकरण के बाद दोस्ती नगर बाईपास न सिर्फ उन्नाव शहर को भारी वाहनों के दबाव से बचाने में और प्रभावी होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में उन्नाव की बड़ी सड़क परियोजनाओं और ट्रांसगंगा सिटी की कनेक्टिविटी की अहम कड़ी भी बन सकता है.


