नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विकसित गुजरात से विकसित भारत’ विशेष मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का दौरा किया. सूचना एवं प्रसारण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, नेतृत्व और विकास यात्रा को अलग-अलग माध्यमों से दिखाया गया है. मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें- हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित और बेहतर बनाने पर मंथन करेगा MoRTH, गुजरात में 5-6 अक्टूबर को ‘चिंतन शिविर 2026’
25 साल की विकास यात्रा को दिखाया गया
गुजरात सरकार के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में इस प्रदर्शनी के जरिए गुजरात से शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की विकास यात्रा की झलक प्रस्तुत की गई है. प्रदर्शनी में पैनल, पोस्टर और ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी गई है. मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी के अलग-अलग सेक्शन का दौरा किया और वहां प्रदर्शित विकास कार्यों की जानकारी ली.
कृषि से लेकर महिला सशक्तिकरण तक की झलक
प्रदर्शनी में गुजरात के कृषि और पशुपालन, शिक्षा, उद्योग, बंदरगाह, ऊर्जा, जल संसाधन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास से जुड़े कामों को प्रमुखता से दिखाया गया है. इसके अलावा, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में शुरू की गई कई पहलों को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है. इनमें कृषि महोत्सव, शाला प्रवेशोत्सव, कन्या केलवणी, ज्योतिग्राम योजना, ई-ममता, मिशन मंगलम, ज्ञान शक्ति, जल प्रबंधन पहल, खेल महाकुंभ, वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट, पशु आरोग्य मेला और समरस छात्रालय योजना शामिल हैं. प्रदर्शनी में आने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की विकास यात्रा से जुड़े सवालों पर एक क्विज भी आयोजित की गई है.
5 अक्टूबर तक देख सकेंगे लोग
पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में लगी यह प्रदर्शनी 5 अक्टूबर तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी. इस दौरान नागरिक प्रदर्शनी में पहुंचकर गुजरात की विकास यात्रा और विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी ले सकते हैं.
इस मौके पर अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव विक्रांत पांडे, नगर निगम आयुक्त बंच्छानिधि पानी, सूचना विभाग के अतिरिक्त निदेशक संजय काचोट समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- रोहिणी में ‘सेवा सेतु कैंप’ का उद्घाटन, विजेंद्र गुप्ता बोले- लोगों तक आसानी से पहुंचनी चाहिए सरकारी सेवाएं


