Instagram: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक एलन मस्क एक बार फिर Instagram को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण चर्चा में हैं. मस्क ने एक यूजर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “Instagram is for girls.” उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई. कई लोगों ने मस्क की बात से असहमति जताई और उनकी आलोचना की.
दरअसल, X पर Geiger Capital नाम के एक यूजर ने पोस्ट कर बताया था कि उसने अपना Instagram अकाउंट डिलीट कर दिया है. यूजर ने प्लेटफॉर्म को महिलाओं के लिए बनाया गया ऐप बताया था. इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने लिखा, ‘Instagram is for girls.’
यह भी पढ़ें- ‘Drishyam 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, पहले दिन कमाए इतने करोड़, बनी चौथी सबसे बड़ी ओपनर
‘सोशल मीडिया भी अब जेंडर के हिसाब से होगा?’
मस्क की टिप्पणी पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा, ‘Damn is social media based on gender now?’ यानी क्या अब सोशल मीडिया को भी जेंडर के आधार पर देखा जाएगा? एक अन्य यूजर ने मस्क से असहमति जताते हुए कहा कि Instagram को भले ही ‘लड़कियों’ से जोड़कर देखा जाए, लेकिन खासकर युवा महिलाओं की मौजूदगी का फैशन, संस्कृति और सोशल ट्रेंड्स पर बड़ा प्रभाव है. यूजर ने यह भी दावा किया कि Instagram डेटिंग और एस्थेटिक कंटेंट के लिए प्रभावशाली प्लेटफॉर्म बन चुका है.
पहले भी Instagram पर टिप्पणी कर चुके हैं मस्क
Instagram को लेकर मस्क की यह टिप्पणी पहली बार नहीं है. मई में भी उन्होंने प्लेटफॉर्म को लेकर इसी तरह की टिप्पणी की थी. उन्होंने तब X पर लिखा था, ‘Obviously. Sometimes grown men send me their Instagram profiles and I’m like are you transitioning or what?’
मस्क और Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग के बीच सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी को लेकर लंबे समय से सार्वजनिक प्रतिद्वंद्विता भी चर्चा में रही है.
2022 में खरीदा था Twitter
एलन मस्क ने अक्टूबर 2022 में करीब 44 अरब डॉलर में Twitter का अधिग्रहण किया था. उन्होंने 27 अक्टूबर 2022 को कंपनी का नियंत्रण संभाला. बाद में जुलाई 2023 में Twitter का नाम बदलकर X कर दिया गया. मस्क की Instagram को लेकर लगातार की जा रही टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें आलोचना का निशाना बनाया है. आलोचकों ने इन बयानों को सेक्सिस्ट और आपत्तिजनक बताया है, जबकि कुछ यूजर्स ने मस्क की बात का समर्थन भी किया.
यह भी पढ़ें- ‘मुश्किल वक्त में डटे रहे…’, फ्लाईदुबई पायलट स्मित मच्छार की शाहरुख खान ने की तारीफ, बोले- देश को आप पर गर्व है


