Arijit Singh Grammy Consideration: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के गाने ‘फिर से’ ने अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत में चर्चा बटोरी है. रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के इस गाने को 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में Best Song Written for Visual Media कैटेगरी के लिए विचारार्थ जमा किया गया है. इस खबर पर अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी और अपने फैंस के प्यार व समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा किया. हालांकि, गाने को अभी ग्रैमी नॉमिनेशन नहीं मिला है.
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ में जटायु की पहली झलक ने जीता दिल, अनुपम खेर की आवाज में गूंजेगा धर्म और साहस का संदेश
अरिजीत सिंह ने पोस्ट शेयर कर क्या कहा?
अरिजीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘फिर से’ को ग्रैमी विचार प्रक्रिया में शामिल किए जाने की जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा, ‘धुरंधर: द रिवेंज” के ‘फिर से’ गाने को Best Song Written for Visual Media कैटेगरी में ग्रैमी विचारार्थ पेश किया गया है. प्यार देने के लिए आप सभी का शुक्रिया.’
अरिजीत की इस पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों के बीच गाने को लेकर उत्साह बढ़ गया है. हालांकि, ग्रैमी की विचार प्रक्रिया में शामिल होना और आधिकारिक नॉमिनेशन मिलना दो अलग-अलग चरण हैं.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ के कई गाने अलग-अलग कैटेगरी में
फिल्म के संगीतकार शाश्वत सचदेव के तैयार किए गए साउंडट्रैक को टी-सीरीज और B62 स्टूडियोज की ओर से ग्रैमी की कई कैटेगरी में विचारार्थ जमा किया गया है. ‘फिर से’ के अलावा भी कई गानों को अलग-अलग श्रेणियों के लिए पेश किया गया है.
- ‘आरी आरी’- Best Asian Pop Music Performance कैटेगरी में. इस गाने में बॉम्बे रॉकर्स, खान साब, जैस्मीन सैंडलस, रेबेल, टोकेन और सुधीर यादववंशी शामिल हैं.
- ‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’- Best Global Music Performance कैटेगरी में.
- ‘जाइये सजना’- Best Pop Duo/Group Performance कैटेगरी में. इसमें जैस्मीन सैंडलस और सतिंदर सरताज की आवाजें हैं.
- ‘डेस्टिनी- मन अटकेया’- Best Rap Performance कैटेगरी में.
- ‘वारी जावां’- Best Dance/Electronic Recording कैटेगरी में.
- ‘हम प्यार करने वाले’- Best Remixed Recording कैटेगरी में.
बॉक्स ऑफिस सफलता के साथ संगीत भी चर्चा में
‘धुरंधर: द रिवेंज’ में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी, सारा अर्जुन और दानिश पंडोर भी नजर आए हैं. इस स्पाई थ्रिलर की बॉक्स ऑफिस सफलता के साथ इसके संगीत को भी खूब चर्चा मिली है.
2027 में होंगे 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स
69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन 2027 में होना निर्धारित है. फिलहाल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के गाने अलग-अलग श्रेणियों में विचारार्थ जमा किए गए हैं. आधिकारिक नॉमिनेशन की घोषणा अभी बाकी है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि अरिजीत सिंह का ‘फिर से’ और फिल्म के अन्य गाने ग्रैमी की अगली प्रक्रिया में जगह बना पाते हैं या नहीं. फिलहाल, इस उपलब्धि ने भारतीय फिल्म संगीत को लेकर चर्चा को एक नया आयाम दिया है.


