Greater Noida Electric Bus: ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है. शहर और आसपास के इलाकों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार नए रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के रूटों की संख्या चार से बढ़कर आठ हो गई है. बसों की संख्या भी 25 से बढ़ाकर 35 कर दी गई है. इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Grammy की रेस में अरिजीत सिंह का ‘फिर से’! ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के 8 गाने भी विचारार्थ, सिंगर ने फैंस को कहा शुक्रिया
25 से बढ़कर 35 हुईं इलेक्ट्रिक बसें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बस सेवा से जोड़ने और जिले में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जून में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया था. इनमें से 25 बसें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, 25 यमुना प्राधिकरण और 50 बसें नोएडा प्राधिकरण के तहत संचालित की जा रही हैं.
ग्रेटर नोएडा में शुरुआत में चार रूटों पर बसें चलाई जा रही थीं. अब चार नए मार्ग जुड़ने के बाद इनकी संख्या आठ हो गई है. यात्रियों की मांग को देखते हुए बसों की संख्या में भी इजाफा किया गया है.
इन चार नए रूटों पर शुरू हुई बस सेवा
नोएडा सेक्टर-37 से दनकौर टाउन: नोएडा सेक्टर-37 – फेज-2 – परी चौक – बिलासपुर – दनकौर टाउन.
नोएडा एयरपोर्ट रूट: बॉटनिकल गार्डन – एडवांट बिल्डिंग – परी चौक – गौर यमुना सिटी – नोएडा एयरपोर्ट.
नॉलेज पार्क रूट: एडवांट बिल्डिंग – नॉलेज पार्क-1 – स्वर्ण नगरी – जगत फार्म – नॉलेज पार्क-2.
यमुना सिटी रूट: बॉटनिकल गार्डन – एडवांट बिल्डिंग – परी चौक – मिर्जापुर कट, यमुना सिटी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक (अर्बन सर्विसेज) सन्नी यादव के मुताबिक, यात्रियों की संख्या और सर्वेक्षण के आधार पर रूटों का विस्तार किया गया है. जिन मार्गों पर अधिक सवारियां मिल रही हैं, वहां बसों की संख्या बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है.
इसका उद्देश्य यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े और उन्हें आने-जाने के लिए सुविधाजनक विकल्प मिल सके.
इलेक्ट्रिक बसों के लिए बढ़ाए जाएंगे चार्जिंग स्टेशन
बसों की संख्या बढ़ने के साथ चार्जिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है. ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अब तक चार से अधिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके हैं. आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि बसों के संचालन में चार्जिंग की कमी के कारण परेशानी न हो.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा को आम लोगों के लिए सुगम और सस्ता बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. यात्रियों की मांग और सर्वेक्षण के आधार पर नए रूट शुरू करने और बसों की संख्या बढ़ाने के फैसले लिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ में जटायु की पहली झलक ने जीता दिल, अनुपम खेर की आवाज में गूंजेगा धर्म और साहस का संदेश


