Akka Teaser Out: नेटफ्लिक्स की अपकमिंग सीरीज ‘अक्का’ (Akka) को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है. अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे पहली बार इस गैंगस्टर ड्रामा में साथ नजर आने वाली हैं. 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज का टीजर शनिवार को कीर्ति सुरेश के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया. इसके साथ ही मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है. सीरीज 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
यह भी पढ़ें- ध्रुव राठी की बढ़ी मुश्किलें! मानहानि केस में दिल्ली कोर्ट ने जारी किया जमानती वारंट, 31 अक्टूबर को अगली सुनवाई
‘अक्का’ के टीजर में दिखी सत्ता और टकराव की कहानी
सीरीज के टीजर में कीर्ति सुरेश को भवानी और राधिका आप्टे को रुद्रा के किरदार में पेश किया गया है. दोनों महिलाएं पेरनुरु में प्रभावशाली भूमिका निभाती नजर आती हैं. उनके विचारों और हितों के बीच का टकराव कहानी में संघर्ष की जमीन तैयार करता है. ‘अक्का’ की कहानी पेरनुरु नाम के एक ऐसे साम्राज्य में सेट है, जिसे पीढ़ियों से महिलाओं ने बनाया, चलाया और सुरक्षित रखा है. यहां परंपराओं, सत्ता की खींचतान और आपसी प्रतिद्वंद्विता के बीच कहानी आगे बढ़ती है. ऐसे में भवानी और रुद्रा के बीच का संघर्ष सीरीज का प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है.
जन्मदिन पर कीर्ति सुरेश को मिला खास तोहफा
टीजर रिलीज के साथ कीर्ति सुरेश ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि दर्शकों से हर साल मिलने वाला प्यार उनके जन्मदिन को खास बनाता है और इस बार अपनी पसंदीदा परियोजना ‘अक्का’ का टीजर सामने आना उनके लिए बेहद यादगार है. कीर्ति के मुताबिक, भवानी उन सबसे अलग और यादगार किरदारों में से एक है, जिन्हें निभाने का मौका उन्हें मिला है. उनके बयान से साफ है कि इस भूमिका को लेकर वह काफी उत्साहित हैं.
राधिका आप्टे के लिए क्यों खास है रुद्रा का किरदार?
राधिका आप्टे ने भी सीरीज को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की. उन्होंने कहा कि टीजर और रिलीज डेट की घोषणा का कीर्ति के जन्मदिन के साथ होना खास संयोग है. उन्हें उम्मीद है कि यह सीरीज के लिए शुभ साबित होगा. राधिका के मुताबिक, रुद्रा एक दिलचस्प किरदार है, जो अपने विश्वासों से प्रेरित है और अपने आसपास की दुनिया को चुनौती देने का स्वभाव रखती है. उन्होंने बताया कि किरदारों की जटिलता और उनके अलग-अलग नजरियों से पैदा होने वाला तनाव ही उन्हें इस प्रोजेक्ट की ओर आकर्षित कर गया.
कब और कहां देखें ‘अक्का’?
‘अक्का’ का निर्माण YRF Entertainment ने किया है. धर्मराज शेट्टी ने इस सीरीज की कहानी लिखने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है. यह उनके निर्देशन करियर की पहली सीरीज है. कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे के अलावा इसमें तन्वी आजमी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. आदित्य चोपड़ा, योगेंद्र मोगरे और अक्षय विधानी इसके कार्यकारी निर्माता हैं. सीरीज 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि 1980 के दशक के इस महिला-केंद्रित गैंगस्टर ड्रामा में भवानी और रुद्रा की टक्कर दर्शकों को कितना प्रभावित करती है.
यह भी पढ़ें- योगी सरकार के 9.5 साल का हिसाब! अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस से लेकर महिला सुरक्षा तक, CM ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां


