Delhi Metro Phase 4: दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को अब रफ्तार मिलने जा रही है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इस बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर के निर्माण के लिए दूसरा टेंडर जारी कर दिया है. इसके तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना की सबसे खास बात दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर होगा. यहां सड़क के ऊपर वाहनों के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर और उसके सबसे ऊपरी हिस्से पर मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा. यानी एक ही कॉरिडोर पर सड़क और मेट्रो दोनों स्तरों पर दौड़ते नजर आएंगे.
रोहिणी से बवाना तक बनेगा डबल डेकर कॉरिडोर
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर में रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 तक करीब 1.3 किलोमीटर लंबा डबल डेकर हिस्सा बनाया जाएगा. यह कॉरिडोर एनएच-344पी के ऊपर विकसित किया जाएगा. इससे आउटर दिल्ली और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा सीमा के आसपास रहने वाले लाखों यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. औद्योगिक क्षेत्रों और रोहिणी के बीच आवागमन भी आसान होगा.
इन 10 स्टेशनों पर रुकेगी मेट्रो
इस हिस्से में कुल 10 नए स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें शामिल हैं:
रोहिणी सेक्टर-25
रोहिणी सेक्टर-26
रोहिणी सेक्टर-31
रोहिणी सेक्टर-28
रोहिणी सेक्टर-29/30
रोहिणी सेक्टर-35
बरवाला
रोहिणी सेक्टर-34
बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-3/4
बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-1/2
गाजियाबाद से कुंडली तक जुड़ जाएगा मेट्रो नेटवर्क
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर मौजूदा रेड लाइन के रिठाला से आगे विस्तार के तौर पर विकसित किया जा रहा है. इसकी कुल लंबाई करीब 26.46 किलोमीटर होगी और पूरे कॉरिडोर पर 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं. परियोजना की अनुमानित लागत करीब 6,230 करोड़ रुपये है. परियोजना के 2029 तक पूरा होने के बाद गाजियाबाद के शहीद स्थल न्यू बस अड्डा से रिठाला होते हुए कुंडली तक मेट्रो नेटवर्क का सीधा विस्तार हो जाएगा. इससे उत्तर-पश्चिम दिल्ली, बवाना और हरियाणा सीमा से जुड़े इलाकों की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है.
गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे, फिल्म सिटी के पास बनेगा इंटरचेंज; 8,586 करोड़ की है परियोजना
दिल्ली में पहले से चल रहा डबल डेकर कॉरिडोर का काम
दिल्ली में डबल डेकर मेट्रो कॉरिडोर की अवधारणा पर पहले से कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इनमें मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर का निर्माण लगभग पूरा होने की स्थिति में है, जबकि रैंप का काम बाकी है. इसके अलावा संगम विहार-खानपुर और आनंद विहार-डेरावल नगर/जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम वाले हिस्सों में भी निर्माण कार्य जारी है. रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली के मेट्रो नेटवर्क का विस्तार राजधानी की सीमाओं से आगे हरियाणा तक और मजबूत होगा. खासतौर पर रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह कॉरिडोर तेज, आधुनिक और सुगम सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प बन सकता है.


