Ganga Link Expressway: गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली प्रस्तावित गंगा लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए जमीन खरीद का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. यमुना प्राधिकरण (YEIDA) ने अपने अधिसूचित क्षेत्र में परियोजना के लिए 92 प्रतिशत भूमि खरीद पूरी कर ली है. अब केवल 8 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण बाकी है. अधिकारियों का दावा है कि सितंबर तक शेष जमीन खरीदने का काम पूरा कर लिया जाएगा.
राखी ऐड के ट्रोल्स को कृति सेनन का करारा जवाब, बोलीं- ‘जो मायने रखता है, हम उस पर ध्यान दे रहे हैं’
प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी के नजदीक इंटरचेंज बनाकर जोड़ा जाएगा. इसके बाद यह एक्सप्रेसवे यीडा क्षेत्र से होते हुए बुलंदशहर जिले तक जाएगा. परियोजना के पूरा होने से गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा.
74.5 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे
गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई करीब 74.5 किलोमीटर होगी. परियोजना की अनुमानित लागत 8,586 करोड़ रुपये है. प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में इसके लिए 250 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान भी किया है.
यीडा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे का करीब 20 किलोमीटर हिस्सा प्रस्तावित है. यह छह लेन का एक्सप्रेसवे होगा, जिसकी कुल चौड़ाई करीब 80 मीटर रखी जाएगी. इसके दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी.
जमीन खरीद के लिए मिले 1,209 करोड़ रुपये
यीडा अधिसूचित क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन खरीदने की जिम्मेदारी यमुना प्राधिकरण को दी गई है. इसके लिए प्राधिकरण को करीब 1,209 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. यीडा के एसीईओ राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, अब तक 92 प्रतिशत भूमि खरीद पूरी हो चुकी है, जबकि शेष जमीन खरीदने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है.
मुआवजा दर बढ़ने से जमीन खरीद की रफ्तार पर असर
हालांकि, भूमि खरीद की प्रक्रिया के बीच मुआवजा दरों में बदलाव से कुछ असर पड़ सकता है. यीडा ने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिकांश जमीन करीब 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से खरीदी है. इसी बीच प्राधिकरण ने अपने अधिसूचित क्षेत्र के लिए मुआवजा दरों में वृद्धि कर दी है. नई दरों को लागू करने के लिए कार्यालय आदेश जारी होने तक जमीन के बैनामे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. ऐसे में शेष 8 प्रतिशत जमीन की खरीद पूरी करने की समयसीमा पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है.
NHRC की गांधीनगर में 2-3 सितंबर को Open Hearing, बंधुआ मजदूरी के मामलों पर भी सुनवाई
फिल्म सिटी के पास बनेगा इंटरचेंज
गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की सबसे अहम कड़ी यमुना एक्सप्रेसवे पर बनने वाला इंटरचेंज होगा. फिल्म सिटी के नजदीक इंटरचेंज के जरिए दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा. इससे यीडा क्षेत्र, बुलंदशहर और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. परियोजना पूरी होने के बाद गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच एक नया तेज सड़क मार्ग तैयार होगा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों, लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.


