मुरादाबाद. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अलग-अलग रूट पर 8 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. इनमें कई ट्रेनें मुरादाबाद स्टेशन से होकर गुजरेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों में AC, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे.
इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन अक्टूबर से नवंबर के बीच किया जाएगा. इनमें वाराणसी, दिल्ली, अयोध्या, आनंद विहार, चंडीगढ़, पटना, फिरोजपुर, जोगबनी, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जैसे शहरों के बीच कनेक्टिविटी शामिल है.
यह भी पढ़ें- भारत के 5 खूबसूरत Water Palaces, झीलों के बीच दिखती है शाही विरासत
वाराणसी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन
वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन संख्या 04209/04210 का संचालन 2 अक्टूबर से 28 नवंबर तक किया जाएगा.
वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि दिल्ली से वाराणसी के लिए यह मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी.
मुरादाबाद में वाराणसी से दिल्ली जाते समय ट्रेन सुबह 9:19 बजे पहुंचेगी और 9:27 बजे रवाना होगी. वापसी में दिल्ली से वाराणसी जाते समय रात 10:40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी और 10:50 बजे रवाना होगी.
अयोध्या कैंट-आनंद विहार स्पेशल
अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन संख्या 04213/04214 एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में दो दिन चलेगी.
मुरादाबाद में अयोध्या से आनंद विहार जाते समय ट्रेन रात 2:40 बजे पहुंचेगी और 2:50 बजे रवाना होगी. वापसी में सुबह 11:35 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी और 11:45 बजे रवाना होगी.
चंडीगढ़-पटना स्पेशल ट्रेन
चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन संख्या 04512/04511 भी मुरादाबाद होकर संचालित होगी. इसका संचालन एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक किया जाएगा और इसके 9 फेरे होंगे.
मुरादाबाद में चंडीगढ़ से पटना जाते समय ट्रेन सुबह 5:33 बजे पहुंचेगी और 5:43 बजे रवाना होगी.
फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल
फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल ट्रेन संख्या 04616/04615 के 8 फेरे होंगे. इसका संचालन 6 अक्टूबर से 25 नवंबर तक किया जाएगा.
मुरादाबाद में फिरोजपुर से पटना जाते समय यह ट्रेन रात 10:45 बजे पहुंचेगी और 10:55 बजे रवाना होगी.
वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन
वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल ट्रेन संख्या 04227/04228 के 18 फेरे एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक होंगे.
मुरादाबाद में वाराणसी से चंडीगढ़ जाते समय ट्रेन रात 10:50 बजे पहुंचेगी और रात 11 बजे रवाना होगी.
इन रूट पर भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे की ओर से आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल ट्रेन संख्या 04008/04007, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन संख्या 04028/04027 और दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल ट्रेन संख्या 04010/04009 का संचालन भी मुरादाबाद होकर किया जाएगा.
इन ट्रेनों का संचालन त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- नोएडा में अटके फ्लैट्स की रजिस्ट्री का रास्ता साफ, सोसायटी के वैध कब्जेदारों को भी मिलेगा मालिकाना हक
यात्रा से पहले समय की जरूर करें पुष्टि
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय की पुष्टि जरूर कर लें. इसके लिए NTES या रेलवे हेल्पलाइन 139 का इस्तेमाल किया जा सकता है.
त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्रियों को देखते हुए रेलवे की ओर से चलाई जा रही इन स्पेशल ट्रेनों से अलग-अलग शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.


