Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर’ के कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी जल्द ही बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का म्यूजिक एल्बम लॉन्च हो चुका है, जहां पंकज त्रिपाठी ने नए गाने ‘सजनवा’ को लेकर अपनी जिंदगी का एक बेहद मजेदार किस्सा सुनाया. अभिनेता ने बताया कि उन्हें खुद भी पहले नहीं पता था कि यह गाना उनकी आने वाली फिल्म का हिस्सा है.
पत्नी ने पूछा- ये कौन सा गाना है?
म्यूजिक लॉन्च इवेंट के दौरान जब पंकज त्रिपाठी से फिल्म के उनके पसंदीदा गाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि फिल्म के नए गाने उन्हें काफी पसंद आए हैं. इसी दौरान उन्होंने ‘सजनवा’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी ने एक रील देखी, जिसके बैकग्राउंड में ‘सजनवा’ गाना बज रहा था. खास बात यह थी कि उस रील में पंकज त्रिपाठी खुद नजर आ रहे थे और वीडियो पैपराजी द्वारा बनाया गया था.
बेटी ने देखकर किया दोनों को हैरान
पंकज त्रिपाठी के मुताबिक, उनकी पत्नी ने उनसे पूछा कि आखिर यह कौन सा गाना है. अभिनेता ने जवाब में पत्नी से इसे गूगल करने के लिए कह दिया, क्योंकि उन्हें खुद भी इस गाने के बारे में जानकारी नहीं थी. तभी उनकी बेटी ने दोनों को हैरानी से देखा और बताया कि जिस गाने के बारे में वे बात कर रहे हैं, वह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ही गाना ‘सजनवा’ है. पंकज त्रिपाठी का यह मजेदार किस्सा सुनकर इवेंट में मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे.
लॉन्च इवेंट में गूंजे फिल्म के नए गाने
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के म्यूजिक लॉन्च में सिंगर्स रश्मीत कौर, रोमी, धांदा न्योलीवाला समेत कई कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस दी. इस दौरान ‘वरूण फॉरएवर’, ‘सांसों की माला’ के नए वर्जन, ‘दो नंबरी’ और ‘घूम घूम’ जैसे गाने भी पेश किए गए. म्यूजिक लॉन्च इवेंट में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही. इसमें रवि किशन, सोनल चौहान, दिव्येंदु, अली फजल, पंकज त्रिपाठी, जितेंद्र, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और रसिका दुग्गल समेत कई सितारे शामिल हुए.
मिर्जापुर की गद्दी के लिए फिर छिड़ेगी जंग
फिल्म का ट्रेलर अगस्त में रिलीज किया गया था, जिसमें एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी के लिए जबरदस्त जंग देखने को मिली. कहानी में कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित समेत फ्रेंचाइजी के कई चर्चित किरदारों की वापसी हो रही है. नई कहानी में मिर्जापुर की सत्ता हासिल करने की रेस के साथ नए दावेदार भी मैदान में उतरेंगे, जिससे पुराने समीकरण बदलते नजर आएंगे.
लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास, 20 साल का Argentina करियर हुआ खत्म
Amazon MGM Studios और Excel Entertainment की पेशकश ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जबकि इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


