Panipat-Gorakhpur Expressway Update: पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर जमीनी स्तर पर हलचल तेज हो गई है. एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण से पहले अब कृषि और व्यावसायिक भूमि का सटीक डाटा जुटाने के लिए एक विशेष सर्वे कराया जाएगा. इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (SLO) और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम का गठन कर दिया गया है. यह टीम अगले सप्ताह से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण और सर्वे कार्य शुरू करेगी.
3 नए गांवों में विकसित होंगी जनसुविधाएं
परियोजना के तहत मेंहदावल तहसील क्षेत्र में अब तीन नए गांवों को भी जोड़ा गया है. इनमें सोहरवलिया, मिश्रौलिया मिश्रा और मईला (गोविंदपुर) शामिल हैं. इन गांवों के पास यात्रियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक टॉयलेट व पार्किंग स्थल, यात्री विश्राम गृह, फूड प्लाजा और कमर्शियल हब, इन सुविधाओं के विकास से न केवल एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार व व्यवसाय के नए अवसर भी पैदा होंगे.
सर्वे के बाद तय होगा मुआवजा और रकबा
तहसील प्रशासन के अनुसार, प्रभावित गांवों में पत्थर नसब (सीमांकन) का काम लगभग पूरा कर लिया गया है और राजस्व टीम ने किसानों को पहले ही सूचित कर दिया है. आगामी सर्वे के दौरान टीम हर एक गाटे (प्लॉट) की जमीनी हकीकत देखेगी कि कहां खेती हो रही है, कहां मकान बने हैं और कहां व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं. इस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि किस किसान का कितना रकबा (जमीन का हिस्सा) अधिग्रहित किया जा रहा है और उसी के अनुसार मुआवजे का निर्धारण व वितरण शुरू होगा. स्थानीय किसान मनीष सिंह मन्नू ने बताया, “इस एक्सप्रेसवे में मेरी भी भूमि जा रही है. अभी कितना रकबा लिया जाएगा इसकी सटीक जानकारी नहीं मिली है, अधिकारियों के मुताबिक सर्वे के बाद यह स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी.
इन 32 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
अब यह एक्सप्रेसवे मेंहदावल क्षेत्र के कुल 32 गांवों से होकर गुजरेगा, जिसमें डुमरिया बाबू गांव से होते हुए यह राप्ती नदी पार कर गोरखपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगा. बढ़या, फेउसा, परसा माफी, परसा शुक्ल, महला, पसाई, देवकली, प्रतापपुर, जसवल, रमवापुर, खजुरा खुर्द, नचनी, समोगर, गुदरिहवा, खजुराकला, सिक्टौर माफी, कुंड़वा, जमुवरिया खुर्द, जमुवरिया कला, रक्सा, भरवलिया मिश्र, कुसोना कला, जमोहरा, मुड़ली, डुमरिया बाबू, इंदरपुर, कौवाठोर, पिड़ारी कला, चितरुखिया और नए जुड़े तीन गांव (सोहरवलिया, मिश्रौलिया मिश्रा, मईला).
आधिकारिक बयान
अल्पिता वर्मा, तहसीलदार, मेंहदावल ने मुताबिक, पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे की भूमि का स्थलीय निरीक्षण और सर्वे करने के लिए संयुक्त टीम तैयार है. अगले सप्ताह से सर्वे का काम शुरू होने की उम्मीद है. सर्वे पूरा होते ही डाटा फीडिंग की जाएगी और इसके बाद भूमि अधिग्रहण व मुआवजे की आगे की प्रक्रिया को गति दी जाएगी.


