India Weather Update (25 February 2026): देश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 25 फरवरी से 26 फरवरी के बीच सात राज्यों में बारिश गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है. किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है.
इसके अलावा उत्तर भारत के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है. वहीं अगले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.
7 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में 25-26 फरवरी के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. 27 और 28 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
13 जिलों में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश के बरेली, अलीगढ़, आगरा और कानपुर में घना कोहरा छा सकता है. हिमाचल प्रदेश के मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और शिमला में भी विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है. पंजाब के अमृतसर और पटियाला के साथ फरीदकोट, फिरोजपुर और गुरदासपुर में भी कोहरे का असर रहेगा.
दिल्ली का हाल
दिल्ली में 25 फरवरी को मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. अगले 2-3 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है. अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश
प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा. सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर और बरेली में सुबह ठंड बढ़ सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 15°C रहेगा.
बिहार
बिहार में मौसम शुष्क रहेगा. पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सिवान, समस्तीपुर और दरभंगा में तापमान बढ़ने की संभावना है. पटना में अधिकतम 29°C और न्यूनतम 16°C रहेगा.
झारखंड
गुमला, बोकारो, धनबाद, रांची, रामगढ़ और खूंटी में शाम तक बारिश संभव है. रांची में अधिकतम 27°C और न्यूनतम 14°C रहेगा.
उत्तराखंड व हिमाचल
26-27 फरवरी को नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल में बारिश की संभावना है. हिमाचल के मनाली, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में बारिश-बर्फबारी हो सकती है. मनाली में अधिकतम 0°C और न्यूनतम -10°C रहेगा.
जम्मू-कश्मीर
तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. पुलवामा, कुपवाड़ा, श्रीनगर, बडगाम और बारामूला में तापमान गिर सकता है.
राजस्थान
पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से बारिश की संभावना बेहद कम है. जयपुर, उदयपुर, भरतपुर और कोटा में बादल छा सकते हैं. जयपुर में अधिकतम 29°C और न्यूनतम 16°C रहेगा.
मध्य प्रदेश
सिवनी, मंडला, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, खरगोन, धार, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में बारिश की संभावना है. भोपाल में अधिकतम 30°C और न्यूनतम 17°C रहेगा.
तमिलनाडु
दक्षिण तमिलनाडु के कुछ जिलों में 1 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश संभव है. शिवलोगम, कुझितुराई और सुरुलाकोड में बारिश के आसार हैं. चेन्नई में अधिकतम 30°C और न्यूनतम 23°C रहेगा.


