ऋषिकेश: उत्तराखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ऋषिकेश के समीप कौड़ियाला में गंगा नदी के तेज बहाव में डूबे गाजियाबाद के युवक आशीष जैन का शव आज (गुरुवार) बरामद कर लिया गया है. पिछले 5 दिनों से एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमें गंगा की तेज धाराओं के बीच लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं, जिसके बाद आखिरकार शिवपुरी क्षेत्र से युवक का शव बरामद हुआ.
6 जून को हुआ था हादसा
जानकारी के मुताबिक, बीती 6 जून को गंगोत्री-बद्रीनाथ हाईवे पर कौड़ियाला के पास गाजियाबाद निवासी आशीष जैन गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए थे और देखते ही देखते नदी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और SDRF की डीप डाइविंग टीमें तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई थीं.
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में आई मुश्किलें
गंगा का जलस्तर बढ़ा होने और पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. हालांकि, रेस्क्यू टीमों के अथक प्रयासों के बाद आज सफलता मिली और घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित शिवपुरी के पास से शव को ढूंढ निकाला गया.
परिजनों ने की शिनाख्त
हादसे की खबर मिलने के बाद से ही युवक के परिजन उत्तराखंड में ही डटे हुए थे. पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शव की पहचान आशीष जैन के रूप में कर ली है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है.
एक बार पैसा लगाइए और पेंशन पाइए, क्यों चर्चा में है LIC की Saral Pension Plan?
प्रशासन की अपील
इस इलाके में पहले भी नदी के तेज बहाव के कारण कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं. अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF का सर्च अभियान अभी भी लगातार जारी है. प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से गंगा के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है.


