Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से गुरुवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई. औरंगाबाद कस्बे के लखावटी क्षेत्र में फैंटम ड्यूटी पर तैनात 2025 बैच के 25 वर्षीय सिपाही सुधीर ठाकुर ने अपनी ही सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
साथी सिपाही ने रोकने की कोशिश की, दी थी गोली मारने की धमकी
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के समय सुधीर के साथ ड्यूटी पर सिपाही सौरभ मौजूद था. सौरभ ने बताया कि बुधवार रात से ही सुधीर काफी परेशान था और बार-बार मरने जैसी बातें कर रहा था.
तड़के करीब तीन बजे सुधीर सर्विस राइफल लेकर चौकी से कुछ दूरी पर नहर पटरी की ओर चला गया. सौरभ ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो दोनों के बीच बहस हुई. इसी दौरान सुधीर ने उसे भी गोली मारने की धमकी दी और हवा में एक राउंड फायर कर दिया.
चौकी इंचार्ज को सूचना देने गया साथी, पीछे से उठा लिया आत्मघाती कदम
हवाई फायरिंग के बाद सौरभ तत्काल चौकी इंचार्ज को सूचना देने के लिए दौड़ा. इसी बीच सुधीर ने नहर पटरी पर अपनी गर्दन से सर्विस राइफल सटाकर ट्रिगर दबा दिया. गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
प्रेमिका की शादी के बाद से था मानसिक तनाव में
पुलिस की प्रारंभिक जांच और साथी पुलिसकर्मियों से पूछताछ में सामने आया है कि सुधीर जिस युवती से प्रेम करता था, उसकी शादी करीब एक महीने पहले किसी और से हो गई थी. इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था. साथी पुलिसकर्मियों के मुताबिक, वह कई दिनों से निराश था और अक्सर जीवन समाप्त करने जैसी बातें करता था. हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
तीन महीने पहले ही पुलिस में हुई थी भर्ती
मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के संगेचा गांव का रहने वाला था. वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था. उसके पिता जगवीर सिंह खेती-किसानी करते हैं, जबकि माता गुड्डी देवी गृहिणी हैं. बड़े भाई कृष्णा खेती करते हैं और छोटा भाई पवन पढ़ाई कर रहा है. बताया जा रहा है कि सुधीर की पुलिस विभाग में भर्ती महज तीन महीने पहले ही हुई थी. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मध्य प्रदेश से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू, इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी फ्लाइट का शुभारंभ
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति, परिवार के सदस्य या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें. समय पर मदद लेना बेहद महत्वपूर्ण है.


