गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद के मुरादनगर में ₹868 करोड़ से अधिक की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इस दौरान वह 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. ये सभी परियोजनाएं मुख्य रूप से मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हैं और सड़क, पेयजल, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सीवरेज तथा शहरी विकास जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी 33 परियोजनाओं का लोकार्पण (उद्घाटन) करेंगे, जबकि 57 नई परियोजनाओं का शिलान्यास (नींव रखना) किया जाएगा. यह कदम न केवल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा बल्कि लाखों लोगों के जीवन को सुगम और बेहतर बनाएगा.
लोकार्पण (उद्घाटन) होने वाली 10 बड़ी परियोजनाएं
इन परियोजनाओं में लंबे समय से प्रतीक्षित हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी शामिल है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे. इसके अलावा हरनंदी नदी पर नए पुल, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, नए स्कूल भवन, सड़क चौड़ीकरण, ड्रेनेज और सीवर लाइन जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी.
लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों का निर्माण, मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के तहत 856 ईडब्ल्यूएस आवास, मोदीनगर में ड्रग वेयरहाउस, रावली सुराना मार्ग का चौड़ीकरण, सिखेड़ा हजारी-फफराना मार्ग, विभिन्न ग्राम पंचायतों में पेयजल योजनाएं और निवाड़ी में 240 ईडब्ल्यूएस आवास शामिल हैं.
शिलान्यास होने वाली 10 प्रमुख परियोजनाएं
वहीं शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर, दुहाई औद्योगिक क्षेत्र का मुख्य मार्ग, मतौर-डोलचा सीमा और भदौली के पास हरनंदी नदी पर दो-लेन पुल, राजनगर एक्सटेंशन में सड़क चौड़ीकरण, ड्रेनेज व सीवर लाइन, मधुबन-बापूधाम में विकसित भारत पार्क और थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन का निर्माण शामिल है.
नशा मुक्त भारत अभियान से 29.32 करोड़ से अधिक लोग जुड़े, 21 लाख से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लाभार्थियों को सीधे मिलेगा लाभ
विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से सीधे लाभान्वित करेंगे. कार्यक्रम के दौरान पात्र लोगों को लैपटॉप, आर्थिक सहायता के चेक, पीएम आवास के तहत घरों की चाबियां और प्रशंसा-पत्र वितरित किए जाएंगे. यह मेगा इवेंट राज्य सरकार की उस कार्य-संस्कृति को दर्शाता है, जिसमें विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है. सड़क, पानी, सीवर, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसे बुनियादी क्षेत्रों में हो रहा यह निवेश गाजियाबाद की तस्वीर बदलने जा रहा है.


