मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के बाद अब एक और बड़े अभिनेता आमिर खान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए हैं. शनिवार को बिश्नोई गैंग की तरफ से आमिर खान को एक धमकी भरी चिट्ठी और ऑडियो मैसेज जारी किया गया है. गैंग ने आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को ‘लव जिहाद’ बताते हुए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है.
भारत ने रचा इतिहास! प्राइवेट रॉकेट ‘विक्रम-1’ की सफल उड़ान, अंतरिक्ष में शुरू हुआ नए युग का ‘आगमन’
आमिर खान की शादी को बताया ‘लव जिहाद’
बिश्नोई गैंग की ओर से जारी की गई इस चिट्ठी में आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नामों का उल्लेख है. गैंग का आरोप है कि आमिर खान स्टारडम की आड़ में देश और संस्कृति के खिलाफ काम कर रहे हैं. जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसको बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे. जो भी स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा देगा, हम उसकी सांसें दबा देंगे. इसका बहुत जल्द जवाब दिया जाएगा. गैंग ने देशवासियों से वादा करते हुए कहा है कि जो भी भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाएगा, उसे वे अपने तरीके से सबक सिखाएंगे.
राजस्थान के राजनेताओं को भी दी ‘आखिरी चेतावनी’
इस धमकी भरी चिट्ठी में सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि राजस्थान की राजनीति से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा भी उठाया गया है. गैंग ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक मासूम बच्ची के साथ हुए रेप मामले का जिक्र करते हुए वहां के स्थानीय नेताओं को सीधे तौर पर धमकी दी है. गैंग का कहना है कि श्रीगंगानगर मामले में पुलिस और प्रशासन अपना काम ठीक से कर रहे हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक लोग आरोपियों (दरिंदों) को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
बिश्नोई गैंग ने नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यह हमारी पहली और आखिरी चेतावनी है. अगर आरोपी प्रशासन की सजा से बच भी गए, तो उन्हें हम अपने तरीके से सजा देंगे. आरोपियों को बचाने वाले नेताओं का भी बुरा हाल किया जाएगा.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
सलमान खान के बाद अब आमिर खान को मिली इस सीधी धमकी के बाद बॉलीवुड और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. हालांकि, इस मामले में अभी तक आमिर खान या पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस पत्र और ऑडियो क्लिप की जांच में जुट गई हैं.


