मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम से पहले मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में से एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था.
बॉडीगार्ड के पास मिली बंदूक
मुंबई पुलिस के अनुसार, युवक के साथ एक बॉडीगार्ड भी था, जिसके पास से बंदूक बरामद की गई. दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और युवक ने खुद को PMO अधिकारी क्यों बताया.
पुलिस ने क्या बताया?
मुंबई पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रम स्थल से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें से एक व्यक्ति PMO का अधिकारी होने का दावा कर रहा था. उसकी उम्र 24 वर्ष बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास हथियार था, जिसे बरामद कर लिया गया है. मामले में आगे की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है.
आज मुंबई में Global Fintech Fest का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे मुंबई में Global Fintech Fest (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे. यह आयोजन वित्तीय तकनीक यानी फिनटेक के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख वार्षिक सम्मेलनों में शामिल है.
यह भी पढ़ें- भारत 6G की वैश्विक पहल में शामिल, अमेरिका समेत 24 देशों के साथ मिलकर करेगा काम
2020 से बना वैश्विक मंच
Global Fintech Fest वर्ष 2020 से वित्तीय क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और नियमन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा है. इसमें नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, टेक्नोलॉजी फर्म, निवेशक और शिक्षाविद समेत कई वैश्विक हितधारक शामिल होते हैं. इस बार के सम्मेलन में भी वित्तीय और तकनीकी क्षेत्र के प्रमुख विशेषज्ञों के शामिल होने और फिनटेक के भविष्य, उभरती तकनीकों और वैश्विक वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा होने की उम्मीद है. मामले में पुलिस की जांच जारी है और दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


