Noida Elevated Road: नोएडा में ट्रैफिक को रफ्तार देने और जेवर एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी बनाने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है. शहर की प्रस्तावित सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड की डीपीआर आईआईटी रुड़की ने नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है. करीब 2 किलोमीटर लंबी और 20 मीटर ऊंची यह सड़क मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी.
SSC-CGL में बड़ा बदलाव, 25 सवालों के लिए सिर्फ 15 मिनट! जानें नया नियम
करीब 350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना चिल्ला एलिवेटेड रोड के विस्तार के रूप में विकसित करने की योजना है. छह लेन की इस सड़क के तैयार होने के बाद नोएडा, दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट के बीच यातायात को एक नया और तेज विकल्प मिलने की उम्मीद है.
मैजेंटा मेट्रो के ऊपर से गुजरेगी 6 लेन सड़क
डीपीआर के मुताबिक, प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब 20 मीटर की ऊंचाई पर बनाई जाएगी. यह मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरते हुए सेक्टर-94 के पास यमुना तटबंध पर उतरेगी. इसके आगे सड़क को जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर जाने वाले एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है. डीपीआर में चार बोल्ट बनाए जाने का प्रस्ताव भी शामिल है. नोएडा प्राधिकरण की टीम फिलहाल आईआईटी रुड़की की ओर से सौंपी गई डीपीआर का अध्ययन कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम है.
जेवर एयरपोर्ट जाने वालों को मिलेगा सीधा रास्ता
परियोजना का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर जाने वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद है. एयरपोर्ट की दिशा से आने वाले वाहन इस एलिवेटेड रोड के जरिए सीधे दिल्ली की ओर जा सकेंगे. इससे दिल्ली और नोएडा से एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को कई प्रमुख चौराहों और सिग्नलों से गुजरने की जरूरत कम हो सकती है. इससे सफर का समय बचने के साथ ही शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी.
चिल्ला एलिवेटेड रोड को मिलेगा आगे विस्तार
प्रस्तावित सड़क को चिल्ला एलिवेटेड रोड के विस्तार के तौर पर विकसित किया जाना है. छह लेन की एलिवेटेड रोड भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है. यह परियोजना नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच तेज, सुगम और निर्बाध कनेक्टिविटी तैयार करने की बड़ी कड़ी मानी जा रही है.


