कानपुर की सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिल सकती है. शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों की वजह से जीटी रोड से लेकर रामादेवी और नौबस्ता तक कई इलाकों में लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है. लेकिन अब इस परेशानी को दूर करने की तैयारी तेज हो गई है. कानपुर के चारों ओर करीब 5800 करोड़ रुपये की लागत से 94 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनाई जा रही है. इसके तैयार होने के बाद दूसरे शहरों और जिलों से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर के अंदर दाखिल होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अनुमान है कि इससे शहर के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव 60 से 70 फीसदी तक कम हो सकता है.
चार पैकेज में चल रहा निर्माण, पहले का 65% काम पूरा
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण चार पैकेज में कराया जा रहा है. निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर NHAI के कानपुर परिक्षेत्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि चारों पैकेज में काम चल रहा है.
उन्होंने बताया कि पैकेज वन का करीब 65 फीसदी काम पूरा हो चुका है. वहीं, पैकेज टू में 52 फीसदी, पैकेज थ्री में 38 फीसदी और पैकेज फोर में 44 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो गया है. सभी पैकेजों में काम की रफ्तार बढ़ाई गई है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जा सके.
कब तक तैयार होगी कानपुर रिंग रोड?
रिंग रोड के अलग-अलग हिस्सों को पूरा करने के लिए समयसीमा भी तय की गई है.
- पैकेज वन: जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य.
- पैकेज टू: दिसंबर 2027 तक निर्माण पूरा करने की योजना.
- पैकेज थ्री: दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य.
- पैकेज फोर: नवंबर से दिसंबर 2027 के बीच काम पूरा करने की योजना.
पैकेज वन का निर्माण पूरा होने के बाद इस हिस्से पर वाहनों का आवागमन शुरू कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुमति ली जाएगी. यानी लोगों को रिंग रोड के पहले हिस्से पर सफर शुरू होने का इंतजार रहेगा.
जीटी रोड से रामादेवी तक जाम से मिलेगी राहत
फिलहाल कानपुर में दूसरे जिलों और शहरों से आने वाले भारी वाहन भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर गुजरते हैं. इसकी वजह से जीटी रोड, सचेंडी, रामादेवी और नौबस्ता समेत कई प्रमुख इलाकों में अक्सर जाम लग जाता है. कई बार लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है.
रिंग रोड बनने के बाद दूसरे शहरों की ओर जाने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहनों को शहर के बाहर से ही रास्ता मिल जाएगा. इससे उन्हें कानपुर के अंदरूनी हिस्सों से गुजरने की जरूरत नहीं होगी. नतीजतन, शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और स्थानीय लोगों का सफर पहले के मुकाबले आसान हो सकेगा.
प्रदूषण घटेगा, कारोबार को भी मिलेगा फायदा
कानपुर रिंग रोड का फायदा केवल ट्रैफिक जाम से राहत तक सीमित नहीं रहेगा. भारी वाहनों की आवाजाही शहर के बाहर होने से ईंधन की खपत में कमी आने और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण होने वाले प्रदूषण को घटाने में भी मदद मिल सकती है. इसके अलावा आसपास के जिलों से आने-जाने वाले कारोबारियों और मालवाहक वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे व्यापार और परिवहन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- असम में सजेगा रंगमंच का बड़ा मंच, रघुबीर यादव के ‘पियानो’ से होगा 32वें नेशनल रंगघर थिएटर फेस्टिवल का समापन
यह भी पढ़ें- बॉबी देओल के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, ‘आश्रम 4’ की शूटिंग हुई पूरी, अब बाबा निराला की वापसी का इंतजार


