प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती भूमिका का जिक्र किया. लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेमीकंडक्टर चिप बनाने की फैक्ट्री स्थापित की जा रही है. इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल की गई ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब सेमीकंडक्टर और रक्षा उपकरणों के निर्माण जैसे आधुनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने प्रदेश में हो रहे औद्योगिक विकास को रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया.
यूपी में बन रही सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, ब्रह्मोस मिसाइल का भी निर्माण
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की फैक्ट्री बनाई जा रही है. उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल का जिक्र करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मनों की नींद उड़ाने वाली यह मिसाइल अब उत्तर प्रदेश में भी बनाई जा रही है.
पीएम मोदी के मुताबिक, प्रदेश में रक्षा उत्पादन और आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों का विस्तार हो रहा है. इससे उत्तर प्रदेश की पहचान विनिर्माण क्षेत्र में भी मजबूत हो रही है.
LPG संकट की आशंकाओं पर बोले- जैसी बातें कही जा रही थीं, वैसा कुछ नहीं हुआ
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संकट के दौरान LPG की उपलब्धता को लेकर जताई गई आशंकाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय कुछ लोगों ने पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगने और रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने की भविष्यवाणी की थी.
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार ने स्थिति से निपटने और गैस के वैकल्पिक इंतजाम मजबूत करने के लिए रोजाना कम से कम एक लाख PNG कनेक्शन देने का फैसला किया था. हालांकि, उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने में प्लंबर की कमी सामने आई.
उन्होंने कहा, “मैं पूछता था कि आपका आंकड़ा 15 से 20 हजार से आगे क्यों नहीं बढ़ रहा है? मुझे जवाब मिला कि हमने पूरी ताकत लगा दी है, लेकिन प्लंबर नहीं मिल रहे हैं. प्लंबर की कमी है.”
प्रधानमंत्री ने कहा कि अखबारों में LPG की भारी किल्लत को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही थीं, लेकिन वैसी स्थिति नहीं बनी, जैसी आशंकाएं जताई जा रही थीं.
AI से नहीं जाएगी हुनरमंद लोगों की नौकरी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में इस तकनीक के कारण नौकरियां जाने की आशंकाएं जताई जा रही हैं. लेकिन उनके मुताबिक, जिस व्यक्ति के पास हुनर और कौशल है, उसकी नौकरी कोई नहीं छीन सकता.
उन्होंने युवाओं को कौशल विकास पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि बदलती तकनीक के दौर में हुनर ही सबसे बड़ी ताकत है.
50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने देश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना है. उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाने का काम किया है.
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता भी इसी सशक्तिकरण से होकर गुजरेगा.
2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी WorldSkills Asia प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 में भारत WorldSkills Asia प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा. इसमें एशिया और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से युवा हिस्सा लेने आएंगे. इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लोग गर्व से इसे ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ कहते हैं. प्रदेश में एक्सप्रेसवे, औद्योगिक परियोजनाओं और आधुनिक निर्माण क्षेत्रों का विस्तार इसकी बदलती पहचान को दर्शाता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में लगी भीषण आग, 55 साल की महिला की मौत, बहू गंभीर, दीवार तोड़कर निकाला गया शव
यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले विवाद, 4 गानों पर रोक लगाने की मांग, 2000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा


