Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में अपना घर बनाने का सपना देखने वालों के लिए एक नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है. प्रयागराज एयरपोर्ट के पास आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘एयरोसिटी’ बसाई जाएगी. इसके पहले चरण में करीब 330 किसानों से 100 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी. खास बात यह है कि यहां लोगों को केवल प्लॉट ही नहीं, बल्कि बहुमंजिला इमारतों में फ्लैट खरीदने का विकल्प भी मिलेगा. प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है.
तीन गांवों के किसानों से खरीदी जाएगी जमीन
एयरोसिटी परियोजना का विस्तार करीब 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र में करने की योजना है. हालांकि, शुरुआत 100.3426 हेक्टेयर जमीन से होगी. इसके लिए PDA किसानों से सीधे जमीन खरीदेगा, ताकि बिचौलियों का हस्तक्षेप न हो और किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य मिल सके. पहले चरण में तीन गांवों के करीब 330 काश्तकारों से जमीन खरीदी जाएगी. इनमें कटहुला गौसपुर के 235, जलालपुर घोसी के 7 और शेरपुर के 88 किसान शामिल हैं.
वहीं, दूसरे चरण में भी जमीन खरीदने की तैयारी है. इसके तहत कटहुला गौसपुर के 222 और शेरपुर के 61 काश्तकारों से 102.0590 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी. इस तरह पहले और दूसरे चरण को मिलाकर 200 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर टाउनशिप विकसित करने की दिशा में काम होगा.
80 फीसदी जमीन का सत्यापन पूरा
जमीन खरीदने से पहले किसानों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. PDA ने काश्तकारों की जमीन की खतौनी का सत्यापन कराने के लिए दस्तावेज तहसील सदर भेजे थे. अब तक करीब 80 फीसदी सत्यापन का काम पूरा हो चुका है.
PDA के सचिव विनीत कुमार सिंह के मुताबिक, सत्यापन इसलिए कराया जा रहा है, ताकि जमीन के मालिकाना हक से जुड़ी किसी भी तरह की त्रुटि को समय रहते ठीक किया जा सके.
प्लॉट ही नहीं, बहुमंजिला इमारतों में मिलेंगे फ्लैट
एयरोसिटी को आधुनिक आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है. यहां अलग-अलग आकार के छोटे और बड़े प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके साथ ही PDA की ओर से ग्रुप हाउसिंग के तहत बहुमंजिला इमारतें भी बनवाई जाएंगी. टाउनशिप में रहने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
- आवासीय प्लॉट और फ्लैट
- स्कूल और कॉलेज
- पार्क और हरित क्षेत्र
- सामुदायिक केंद्र
- व्यवस्थित सड़कें और अन्य जरूरी सुविधाएं
मेट्रो से शहर तक पहुंचना होगा आसान
एयरोसिटी की एक बड़ी खासियत इसकी लोकेशन होगी. यह प्रयागराज एयरपोर्ट के पास विकसित की जा रही है. PDA की प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना के रूट में भी एयरपोर्ट को शामिल किया गया है. ऐसे में भविष्य में मेट्रो का संचालन शुरू होने पर एयरोसिटी से शहर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना आसान हो सकता है.
इससे यहां घर या प्लॉट खरीदने वालों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
एयरोसिटी का नक्शा तैयार करने के लिए चुनी जाएगी एजेंसी
नई टाउनशिप का स्वरूप कैसा होगा, इसके लिए PDA जल्द ही एक एजेंसी का चयन करेगा. इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया चल रही है और कुछ एजेंसियां अपना तकनीकी प्रस्तुतीकरण भी दे चुकी हैं. एजेंसी के चयन के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम आगे बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें- शादी में मेहमानों को कुत्ते के बर्तन में परोसा खाना! पंजों के निशान देख भड़के बाराती, मैरिज लॉन में हंगामा


