Parineeti Web Series Debut: अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा जल्द ही वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं. उनकी अपकमिंग मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज ‘Shaque: Trust No One’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है. नेटफ्लिक्स ने सोमवार को बताया कि यह सीरीज 24 सितंबर 2026 को स्ट्रीम होगी. खास बात यह है कि यह परिणीति चोपड़ा का सीरीज डेब्यू भी है.
9 साल से लापता बच्चे की तलाश में जुटी मां की कहानी
‘Shaque: Trust No One’ की कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता बच्चे की तलाश में नौ साल गुजार देती है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, भरोसा और शक, सच्चाई और भ्रम के बीच की रेखा धुंधली होती जाती है. सीरीज में रिश्तों, रहस्यों और सस्पेंस को केंद्र में रखते हुए यह सवाल खड़ा किया गया है कि क्या हर उस इंसान पर भरोसा किया जा सकता है, जिसे हम अपना समझते हैं?
रेंसिल डी’सिल्वा ने किया निर्देशन
इस सीरीज को रेंसिल डी’सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने क्रिएट किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी रेंसिल डी’सिल्वा ने संभाली है. इसे अल्केमी फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है. रेंसिल डी’सिल्वा के मुताबिक, यह थ्रिलर अनिश्चितता पर आधारित है, जहां हर खुलासा एक नया सवाल खड़ा करता है. कहानी के केंद्र में एक ऐसी मां है, जो नौ साल तक अपने बच्चे की तलाश छोड़ने को तैयार नहीं होती.
परिणीति के साथ नजर आएंगी ये कलाकार
सीरीज में परिणीति चोपड़ा के अलावा सोनी राजदान, अनुप सोनी, जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने इसे अपना नेटफ्लिक्स के साथ चौथा प्रोजेक्ट बताया है. उन्होंने सीरीज को तेज रफ्तार, भावनात्मक और रहस्यों से भरी थ्रिलर बताया है, जिसमें रिश्तों के बदलते समीकरण कहानी को लगातार नया मोड़ देते हैं.
यह भी पढ़ें- 1,355 मौतें… मातम में नेपाल! विनाशकारी बाढ़ के बाद राष्ट्रीय शोक, भारत की टीमें राहत-बचाव में जुटीं
हर रिश्ते पर होगा शक!
‘Shaque: Trust No One’ का सबसे बड़ा आकर्षण इसका सस्पेंस और रिश्तों के बीच बढ़ता अविश्वास होगा. कहानी में जैसे-जैसे नए राज सामने आएंगे, दर्शकों के लिए यह समझना मुश्किल होगा कि सच क्या है और किस पर भरोसा किया जाए.
‘Shaque: Trust No One’ 24 सितंबर 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगी.


