Ghaziabad Aerocity: गाजियाबाद शहर के विस्तार और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने एयरोसिटी टाउनशिप को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है. क्रिकेट स्टेडियम के पास राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के तीन गांवों की करीब 231.3710 हेक्टेयर जमीन पर यह आधुनिक कमर्शियल टाउनशिप विकसित की जाएगी.
GDA ने परियोजना के लिए जमीन चिह्नित करने के साथ ही किसानों और जमीन मालिकों से आपत्तियां मांगी हैं. संबंधित लोग 15 दिन के भीतर नवयुग मार्केट स्थित GDA कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- 750 करोड़ की योजना से बदलेगी ग्रेटर नोएडा की तस्वीर, बनेगा डबल-डेकर फ्लाईओवर
अटौर, मोरटी और मेवला अगरी की जमीन होगी शामिल
एयरोसिटी टाउनशिप के लिए अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव की जमीन ली जाएगी. GDA इसके लिए करीब 2,831 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रहा है. अधिकारी के मुताबिक, चिह्नित जमीन को अब किसी अन्य व्यक्ति द्वारा खरीदा जाता है तो उसे अवैध माना जाएगा. इसका उद्देश्य परियोजना के लिए तय जमीन पर अनधिकृत खरीद-फरोख्त को रोकना है.
होटल, मॉल से लेकर कंपनियों के ऑफिस तक होंगे
एयरोसिटी को मुख्य रूप से कमर्शियल टाउनशिप के तौर पर विकसित किया जाएगा. यहां बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान और शोरूम के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे. योजना के आकार लेने के बाद यह क्षेत्र गाजियाबाद में व्यावसायिक और मनोरंजन गतिविधियों के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है.
किसानों के लिए लैंड पूलिंग पहला विकल्प
GDA ने जमीन हासिल करने के लिए लैंड पूलिंग को प्राथमिकता देने का फैसला किया है. इसके तहत प्राधिकरण किसानों से सीधे संपर्क कर योजना में शामिल जमीन लेगा. यदि किसान लैंड पूलिंग के लिए तैयार नहीं होते हैं, तो आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेने का प्रयास किया जाएगा. योजना के तहत किसानों को ली गई जमीन के बदले 25 फीसदी विकसित भूमि देने का प्रावधान बताया गया है. लैंड पूलिंग की स्थिति में GDA को जमीन के लिए पहले से पूरी रकम खर्च नहीं करनी होगी.
सचिव बोले- आपत्तियों के बाद आगे बढ़ेगा प्रोजेक्ट
GDA सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि एयरोसिटी टाउनशिप के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है और अब आपत्तियां मांगी गई हैं. आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने और उनके निस्तारण के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Parineeti Chopra की वेब सीरीज डेब्यू ‘Shaque: Trust No One’, 24 सितंबर को Netflix पर होगी रिलीज
GDA की योजनाओं में प्लॉट खरीदने का भी मौका
इधर, गाजियाबाद में GDA की विभिन्न योजनाओं में रिहायशी और कमर्शियल प्लॉट की नीलामी भी की जा रही है. इंदिरापुरम और उसकी विस्तार योजना में 120 वर्ग मीटर से लेकर करीब 7,000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट नीलामी में शामिल हैं. पहली बार GDA ने मिक्स्ड लैंड यूज प्लॉट भी नीलामी में रखे हैं. इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम और अन्य फैसिलिटी प्लॉट भी शामिल किए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, 18 मीटर चौड़ी सड़क पर पांच मिक्स्ड लैंड यूज प्लॉट भी योजना का हिस्सा हैं.


