Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ समेत आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दो बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इनमें शाहबेरी के पास डबल-डेकर फ्लाईओवर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक 105 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शामिल है.
शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक का जाम होगा कम
ग्रेनो वेस्ट में शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के आसपास लंबे समय से ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या बना हुआ है. इसे देखते हुए 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना तैयार की गई है.
यह भी पढ़ें- महंगी दवाइयों से परेशान हैं तो काम आएगी ये ट्रिक, घर बैठे ऐसे खोजें नजदीकी जन औषधि केंद्र
इस परियोजना के तहत क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास डबल-डेकर फ्लाईओवर बनाया जाएगा. पहले चरण में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से एक मूर्ति गोलचक्कर तक फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. परियोजना की लागत को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, यमुना प्राधिकरण और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे. फ्लाईओवर बनने के बाद गौर सिटी, एक मूर्ति चौक और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और हापुड़ तक सीधी कनेक्टिविटी
दूसरी बड़ी योजना ग्रेटर नोएडा को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने की है. फिलहाल अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट से मेट्रो डिपो तक करीब छह किलोमीटर सड़क बनी हुई है. अब जुनपत डिपो से बोड़ाकी होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक करीब 12 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी. यह सड़क 10 लेन की होगी और इसके साथ सर्विस लेन भी विकसित की जाएगी.
इस मार्ग पर ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और जीटी रोड पर तीन नए ओवरब्रिज बनाए जाने की योजना है. जमीन की लागत में नोएडा प्राधिकरण भी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी करेगा.
न्यू नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इन परियोजनाओं का फायदा सिर्फ मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा. सड़क नेटवर्क मजबूत होने से न्यू नोएडा, बोड़ाकी मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट टर्मिनल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे जैसी भविष्य की परियोजनाओं को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा खुर्जा, पलवल, हापुड़ और मेरठ की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान और तेज होने की उम्मीद है.
सेक्टर अल्फा-1 में बनेगी आधुनिक पब्लिक लाइब्रेरी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ शिक्षा और सामाजिक सुविधाओं पर भी जोर दिया है. सेक्टर अल्फा-1 में 1360 वर्गमीटर जमीन पर आधुनिक पब्लिक लाइब्रेरी बनाने की योजना को भी मंजूरी दी गई है. इसमें करीब 440 वर्गमीटर क्षेत्र में तीन मंजिला इमारत बनाई जाएगी. लाइब्रेरी में छात्रों और आम नागरिकों के लिए पढ़ाई की सुविधाएं उपलब्ध होंगी. बाकी हिस्से में पार्किंग, शौचालय और हरियाली विकसित की जाएगी.
इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. खासकर शाहबेरी-क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रोजाना जाम से जूझने वाले लोगों को इससे काफी राहत मिल सकती है.


