अयोध्या: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार से प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘नशा मुक्ति अभियान’ को व्यापक जन-जागरूकता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें- लद्दाख में NIMAS का बड़ा कीर्तिमान, 23 दिनों में 20 अविजित चोटियों पर पहली बार सफल चढ़ाई
17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के रूप में प्रदेश के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, नदी घाटों, मंदिरों, शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों के साथ लाभार्थी परिवारों के घरों में विशेष दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. इसके अलावा दिन में ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में त्रि-स्तरीय प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी. कक्षा 5 से 8 तक ड्राइंग प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 12 तक भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी. चयनित प्रतिभागियों की कृतियों को विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा. इसके लिए विभिन्न स्तरों पर भव्य प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी.
युवाओं से होगा सीधा संवाद
उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद और बौद्धिक विमर्श का भी आयोजन होगा. इसमें प्रबुद्धजनों और युवाओं के बीच सीधा संवाद कराया जाएगा. इसके साथ ही ‘विकसित भारत-विकसित यूपी’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. अभियान का उद्देश्य युवाओं को विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और नशा मुक्ति जैसे विषयों से जोड़ना है.
यह भी पढ़ें- अमेरिकी टैरिफ की आशंका से तांबा रिकॉर्ड स्तर पर, LME पर 14,533 डॉलर प्रति टन पहुंचा
बैठक में विश्वविद्यालय के अधिकारी रहे मौजूद
ऑनलाइन बैठक में अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. शैलेंद्र कुमार, डॉ. पी.के. द्विवेदी, प्रो. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव, डॉ. आशीष पाण्डेय, डॉ. श्रीश अस्थाना, आशीष मिश्र और गिरीश पंत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


