Rampur News: अगर आप रामपुर में जमीन, मकान या प्लॉट खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है. जिले में सर्किल रेट को 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी चल रही है. खासतौर पर शहर की पॉश कॉलोनियों और हाईवे से सटे इलाकों में जमीन के सरकारी रेट में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.
हालांकि, नए सर्किल रेट अभी लागू नहीं हुए हैं. फिलहाल जिले में सर्वे का काम चल रहा है. सर्वे पूरा होने के बाद प्रस्तावित दरों पर लोगों से आपत्तियां मांगी जाएंगी और उनके निस्तारण के बाद ही नए सर्किल रेट लागू किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- E-Commerce Rules 2026: सरकार ने बदले नियम, Search Results से Dark Patterns तक सख्त होंगे प्रावधान
पॉश इलाकों में 20% तक बढ़ सकते हैं रेट
शहरी क्षेत्र की पॉश कॉलोनियों में सर्किल रेट में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. शुरुआती सर्वे के आधार पर सिविल लाइंस समेत शहर के प्रमुख और महंगे इलाकों में ज्यादा वृद्धि हो सकती है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बिलासपुर और शाहबाद से लगे इलाकों में करीब 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है. हाईवे से सटे क्षेत्रों में भी सर्किल रेट करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं.
बाजार भाव और सरकारी रेट की होगी तुलना
रामपुर में जमीन के बाजार भाव और मौजूदा सर्किल रेट के बीच काफी अंतर बताया जा रहा है. इसी वजह से प्रशासन बाजार में चल रहे भाव और सरकारी दरों का तुलनात्मक अध्ययन भी करा रहा है. नियमों के अनुसार, सभी तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार और उप निबंधक की संयुक्त कमेटी सर्वे का काम कर रही है.
सर्वे के बाद मांगी जाएंगी आपत्तियां
एआईजी स्टाम्प रामेंद्र श्रीवास्तव के अनुसार, सर्वे पूरा होने के बाद प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद लोगों से आपत्तियां मांगी जाएंगी. आपत्तियों के निस्तारण और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट कमेटी को सौंपी जाएगी. इसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर नए सर्किल रेट लागू किए जाएंगे. अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जिले के किस इलाके में सर्किल रेट कितना बढ़ेगा.
अक्टूबर 2024 में भी बढ़े थे सर्किल रेट
रामपुर में इससे पहले अक्टूबर 2024 में सर्किल रेट में संशोधन किया गया था. तत्कालीन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के कार्यकाल में करीब चार साल बाद सर्किल रेट रिवाइज किए गए थे. इससे पहले वर्ष 2019 में सर्किल रेट संशोधित हुए थे, तब जमीनों के दाम में करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई थी. वर्ष 2025 में सर्वे की प्रक्रिया हुई थी, लेकिन इसी दौरान नया प्रारूप आने के कारण सर्किल रेट में वृद्धि नहीं की गई.
पॉश कॉलोनियों में मौजूदा सर्किल रेट
| पॉश कॉलोनी | सर्किल रेट प्रति वर्ग मीटर |
|---|---|
| आवास विकास | ₹28,000 |
| एकता विहार | ₹21,000 |
| कैलाश कॉलोनी | ₹30,000 |
| किला कैंप | ₹27,000 |
| गायत्रीपुरम | ₹20,000 |
| फ्रेंड्स कॉलोनी | ₹30,000 |
यह भी पढ़ें- Aadhaar DOB Update: आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत है तो ऐसे कराएं सुधार, जानिए नियम और जरूरी दस्तावेज
इन इलाकों में अभी कम है सर्किल रेट
रामपुर के कुछ इलाकों में मौजूदा सर्किल रेट अपेक्षाकृत कम हैं.
| इलाका | सर्किल रेट प्रति वर्ग मीटर |
|---|---|
| मोहल्ल आखून खैलान | ₹5,500 |
| अंगूरी बाग | ₹6,700 |
| अट्टा आला नूर साहब | ₹6,500 |
| आगापुर | ₹6,500 |


