Sunny Deol Movie Suryaa: 90 के दशक के संगीत की यादें ताजा करने के लिए उदित नारायण और कुमार सानू एक बार फिर साथ आए हैं. दोनों दिग्गज गायकों की आवाज में नया गाना ‘सुनियो जरा’ मंगलवार सुबह रिलीज किया गया. सनी देओल और रवि किशन की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का यह गाना दोस्ती, पुरानी यादों और जिंदगी के खूबसूरत पलों को समर्पित है. गाने में दोनों कलाकारों की जुगलबंदी और बेफिक्र अंदाज दोस्ती की एक ऐसी कहानी बयां करता है, जिससे हर कोई खुद को जोड़ सकता है.
सनी देओल और रवि किशन की दोस्ती ने बांधा समां
‘सुनियो जरा’ के वीडियो में सनी देओल और रवि किशन एक खूबसूरत सड़क यात्रा पर नजर आते हैं. सफर के दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक, अपनापन और जिंदगी से जुड़े कई भावुक पल देखने को मिलते हैं. गाने की कहानी बताती है कि दोस्ती सिर्फ साथ बिताए पलों का नाम नहीं, बल्कि उन यादों का भी हिस्सा है, जो वक्त के साथ और गहरी होती जाती हैं.
दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री गाने को खास बनाती है. वहीं, इसका संगीत और दोस्ती से जुड़ा भाव श्रोताओं को पुराने दौर के उन गीतों की याद दिला सकता है, जिन्हें लोग आज भी गुनगुनाना पसंद करते हैं.
सालों बाद साथ आए उदित नारायण और कुमार सानू
गाने को लेकर उदित नारायण ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि इतने सालों बाद कुमार सानू के साथ गाना उनके करियर के खूबसूरत दौर को दोबारा जीने जैसा अनुभव था. अनूपम अमोद के साथ इस सहयोग ने पुराने अपनापन और नई ऊर्जा का मेल तैयार किया है. उन्हें उम्मीद है कि श्रोताओं को हर सुर में यह जुड़ाव महसूस होगा.
वहीं, कुमार सानू ने कहा कि यह गाना सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं है, बल्कि दोस्ती, यादों और साथ आने की खुशी को भी दर्शाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को इस गीत में एक सच्चा और हमेशा याद रहने वाला एहसास मिलेगा. गायक अनूपम अमोद ने भी इस सहयोग को सम्मान की बात बताया. उनके मुताबिक, ‘सुनियो जरा’ साथ निभाने, सफर और भावनात्मक जुड़ाव की कहानी कहता है.
यह भी पढ़ें- शाहबेरी से क्रॉसिंग रिपब्लिक तक जाम से मिलेगी राहत! 1200 करोड़ से बनेगी डबल डेकर एलिवेटेड रोड
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘सूर्या’
‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को कमल मुकुट प्रस्तुत कर रहे हैं. फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने किया है, जबकि निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है. फिल्म में सनी देओल और रवि किशन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिलहाल, ‘सुनियो जरा’ के जरिए फिल्म ने दोस्ती और भावनाओं से भरी कहानी की झलक पेश की है. अब दर्शकों को इंतजार है कि बड़े पर्दे पर सनी देओल और रवि किशन की जोड़ी किस तरह मनोरंजन करती है.
यह भी पढ़ें- Cyclone Arnab: चक्रवात ‘अर्नब’ से ओडिशा में भारी बारिश, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने का अनुमान


