Angh Film: नागालैंड की मिट्टी और वहां की संस्कृति से निकली एक अनोखी कहानी अब अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है. नागालैंड के फिल्ममेकर थेजा रियो की डेब्यू फीचर फिल्म ‘Angh’ का वर्ल्ड प्रीमियर Toronto International Film Festival (TIFF) में होगा. इसी बीच Jungle Book Studio ने फिल्म के इंटरनेशनल सेल्स राइट्स हासिल कर लिए हैं.
फिल्म का पोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जिसने कहानी की झलक के साथ दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
1960 के दशक के नागालैंड की कहानी
‘Angh’ की कहानी 1960 के दशक की शुरुआत में नागालैंड की दूरदराज पहाड़ियों में सेट है. फिल्म एक कोन्याक समुदाय के मुखिया और उसके बेटे की कहानी दिखाती है, जो अपने गांव में ईसाई धर्म अपनाने वाले आखिरी परिवारों में हैं. कहानी में उस वक्त बड़ा मोड़ आता है, जब एक अमेरिकी मिशनरी गांव में पहुंचता है. उसकी मौजूदगी पिता और बेटे की दुनिया को बदल देती है और उन्हें आस्था, परंपरा और बदलते समय के बीच खड़े होने के लिए मजबूर करती है. फिल्म के केंद्र में पिता-पुत्र का रिश्ता है. कहानी के जरिए विश्वास और परंपरा, आधुनिकता और स्मृति के बीच टकराव को दिखाया गया है और उस जीवनशैली के धीरे-धीरे खत्म होने की कहानी कही गई है, जो कभी उनकी पहचान का हिस्सा थी.
16mm पर शूट हुई फिल्म
‘Angh’ को 16mm फिल्म पर शूट किया गया है. इसमें स्थानीय और स्वदेशी कलाकारों के साथ BAFTA Scotland जीत चुके ‘Shetland’ स्टार Douglas Henshall भी नजर आएंगे. वह फिल्म में अमेरिकी मिशनरी की भूमिका निभा रहे हैं. यह फिल्म थेजा रियो की फीचर फिल्म के तौर पर पहली बड़ी प्रस्तुति है. नागालैंड से आने वाले रियो यूके के National Film and Television School के पूर्व छात्र हैं.
शॉर्ट फिल्म से फीचर तक का सफर
‘Angh’ नाम से ही बनी उनकी शॉर्ट फिल्म को Clermont-Ferrand में Special Jury Award मिल चुका है. वहीं उनकी फिल्म ‘Ade (On a Sunday)’ का प्रीमियर International Film Festival Rotterdam में हुआ था और उसने MAMI Mumbai Film Festival में Best Film का पुरस्कार जीता. निर्देशक थेजा रियो ने कहा कि ‘Angh’ बनाना उनके लिए अपने घर और जड़ों की ओर लौटने जैसा अनुभव रहा. उनके मुताबिक, यह अपनी कहानियों को अपने नजरिए से कहने और अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने का अवसर था.
अपनी कहानियों को खुद कहने की कोशिश
फिल्म की निर्माता नैंसी निसा बेसो ने कहा कि यह फिल्म अपनी कहानियों को खुद कहने की मजबूत इच्छा से पैदा हुई है. उनके अनुसार, ‘Angh’ अपने लोगों को सम्मान देने, पूर्वजों से मिली कहानियों को सुरक्षित रखने और अपनी कहानी को खुद दुनिया के सामने रखने का प्रयास है.
फिल्म का निर्माण Nancy Nisa Beso और Theja Rio ने अपनी कंपनियों Winter Hymns Films और Undercover Squirrel के जरिए किया है. Jungle Book Studio फिल्म की वर्ल्ड सेल्स संभाल रहा है और इसके संस्थापक गौरव ढींगरा फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं.
Jungle Book Studio को इंटरनेशनल मार्केट का अनुभव
Jungle Book Studio की इंटरनेशनल सेल्स की कमान गौरव ढींगरा के पास है, जिन्हें दो दशक से ज्यादा समय तक प्रोड्यूसर के तौर पर काम करने का अनुभव है. उनके प्रोडक्शन क्रेडिट्स में TIFF प्रीमियर वाली ‘Faith Connections’, जो 20 से ज्यादा देशों में बिकी; ‘Angry Indian Goddesses’, जिसका 67 से ज्यादा देशों में थिएट्रिकल रिलीज हुआ और बाद में Netflix ने इसे दुनिया भर के लिए लाइसेंस किया; भारत-न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक को-प्रोडक्शन ‘Beyond the Known World’ और Venice में चयनित ‘Stolen’, जो Prime Video पर दुनियाभर में रिलीज हुई, शामिल हैं.
‘वैश्विक सिनेमा में नई भारतीय आवाज बन सकती है Angh’
गौरव ढींगरा ने ‘Angh’ को वैश्विक सिनेमाई सौंदर्य और नागालैंड की जड़ों से जुड़ी संस्कृति का अनोखा मेल बताया. उन्होंने कहा कि निर्देशक थेजा रियो और निर्माता नैंसी बेसो दोनों नागालैंड से हैं, इसलिए फिल्म किसी बाहरी नजरिए के बजाय स्थानीय और स्वदेशी अनुभव से कहानी कहती है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली को मिला बड़ा तोहफा! 30 साल पुरानी मांग पूरी, PWD के 3,214 इंजीनियरिंग पदों के लिए बनेगा अलग कैडर
उनके मुताबिक, स्वदेशी फिल्मकारों द्वारा कही गई यह स्वदेशी कहानी भारत के हाशिये से उभर रहे सबसे रोमांचक सिनेमा का प्रतिनिधित्व करती है और वैश्विक स्तर पर भारतीय सिनेमा की एक नई पहचान बनाने की क्षमता रखती है. अब TIFF में वर्ल्ड प्रीमियर के साथ ‘Angh’ के सामने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और फिल्म खरीदारों तक पहुंचने का बड़ा मंच होगा.


