Noida Airport Link Expressway: ग्रेटर नोएडा से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले लोगों के लिए टोल सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को टोल देने के लिए लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी. इतना ही नहीं, टोल प्लाजा से गुजरते समय न तो गाड़ी रोकनी पड़ेगी और न ही खिड़की खोलने की जरूरत होगी.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि टोल टैक्स खत्म हो जाएगा. वाहन चालक को निर्धारित टोल राशि देनी होगी, लेकिन इसके लिए पारंपरिक टोल बूथ पर रुकना नहीं पड़ेगा. हाईटेक सिस्टम के जरिए वाहन की पहचान की जाएगी और FASTag से जुड़े माध्यम से टोल की राशि काटी जाएगी.
यह भी पढ़ें- कचरा बीनने से स्वच्छता उद्यमी तक पहुंचे Balamala Malli, मशीन की मदद से बढ़ी हर महीने की कमाई
न रुकेगी गाड़ी, न खुलेगी खिड़की
जेवर के करौली बांगर में बने टोल प्लाजा पर पारंपरिक टोल बूथ और बैरियर की व्यवस्था दिखाई नहीं देगी. यहां सड़क पर लगे Automatic Number Plate Recognition यानी ANPR कैमरों की मदद से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन की जाएगी.
इसके बाद सिस्टम वाहन की पहचान करेगा और उससे जुड़े FASTag की जानकारी के आधार पर निर्धारित टोल राशि काटी जाएगी.
इसका सीधा फायदा यह होगा कि ड्राइवर को टोल देने के लिए गाड़ी रोकने, खिड़की खोलने या बैरियर के खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. वाहन अपनी गति से आगे बढ़ता रहेगा और टोल भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी.
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मिलेगा फायदा
नोएडा एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए फ्री-फ्लो टोल सिस्टम खास तौर पर उपयोगी हो सकता है. त्योहारों और लंबी छुट्टियों के दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों की संख्या बढ़ने से कतार लग सकती है.
नई व्यवस्था में वाहनों को टोल बूथ पर रुकने की जरूरत नहीं होगी. इससे टोल प्लाजा पर वाहनों के रुकने से बनने वाले जाम के दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है.
पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की तैयारी
यह लिंक एक्सप्रेसवे नोएडा एयरपोर्ट को हरियाणा के मोहना क्षेत्र में यमुना नदी तक जोड़ता है. NHAI की दी गई जानकारी के मुताबिक, दिसंबर तक इसे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्लान तैयार किया जा रहा है.
इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से मोहना तक का रास्ता लोगों के लिए खोलने की योजना बनाई जा रही है.
देश में मल्टी-लेन फ्री-फ्लो टोल सिस्टम की तैयारी
जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे पर लागू होने वाली व्यवस्था मल्टी-लेन फ्री-फ्लो टोल सिस्टम की दिशा में एक कदम है. इस तरह की व्यवस्था में वाहनों को पारंपरिक टोल बूथ पर रोकने के बजाय तकनीक की मदद से चलते वाहन की पहचान कर टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
यह भी पढ़ें- Rapido पर ₹10 लाख का जुर्माना, CCPA ने कहा- राइड बुकिंग में ज्यादा पैसे देने के लिए किया जा रहा था प्रेरित
NHAI देश के 25 राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क प्लाजा पर ऐसी प्रणाली शुरू करने की योजना बना चुका है.
इस व्यवस्था के बाद जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को तेज एक्सप्रेसवे के साथ टोल प्लाजा पर बिना रुके आगे बढ़ने की सुविधा मिलेगी.


