Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस मामले में 12वें आरोपी अमर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है. शनिवार को आरोपी को मुंबई की विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग की साजिश और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
सोनीपत से गिरफ्तार हुआ 12वां आरोपी
मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को हरियाणा के सोनीपत से आरोपी अमर को गिरफ्तार किया था. स्थानीय पुलिस की मदद से हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया. शनिवार को उसे विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया. अभियोजन पक्ष ने आरोपी की 15 दिनों की पुलिस हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने सुनवाई के बाद उसे 6 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया.
आरोपी के वकील अजिंक्य मिरगल ने बताया कि मामले में क्यूआर कोड के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन के आरोप हैं. उनका तर्क था कि संबंधित जानकारी बैंकिंग संस्थानों से भी प्राप्त की जा सकती है.
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी. टाइगर श्रॉफ फुटबॉल क्लब में खेलने के बाद अपनी कार से निकल रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई. इस हमले में अभिनेता टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं. वहीं, घटना के दौरान एक राहगीर भी घायल हुआ था. 19 अक्टूबर को इस मामले में केस दर्ज किया गया था. बाद में जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई.
सभी आरोपियों पर लगा मकोका
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA), 1999 की धाराएं भी लगाई हैं. पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
इसके बाद 27 अक्टूबर को सक्षम प्राधिकारी से मकोका लगाने की अनुमति मिलने के बाद मामले में MCOCA की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ दी गईं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से पटना और गुवाहाटी तक पहुंचेगी बुलेट ट्रेन, यूपी के इन शहरों को मिलेगा फायदा
फायरिंग के पीछे की साजिश खंगाल रही पुलिस
12वें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. पुलिस फायरिंग की साजिश, आरोपियों के आपसी संपर्क और कथित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है. इस मामले में आगे की पूछताछ से हमले के पीछे शामिल लोगों और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- दिवाली की मिठाई को लेकर न हों परेशान, ये 5 रेसिपी हैं आसान और स्वादिष्ट


