Entertainment News: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपने AURA India Tour 2026 की शानदार शुरुआत की. हजारों की संख्या में पहुंचे फैंस के बीच दिलजीत ने ऐसा समां बांधा कि पूरा स्टेडियम पंजाबी गानों और संगीत की धुनों से गूंज उठा. इस दौरान उन्होंने अपने कई सुपरहिट गानों पर परफॉर्म किया. वहीं, एक महिला पुलिसकर्मी को स्टेज पर बुलाकर उनके प्रति सम्मान जताने के अंदाज ने भी लोगों का दिल जीत लिया.
‘मोरनी’ से हुई शुरुआत, सुपरहिट गानों पर झूमे फैंस
दिलजीत दोसांझ ने अपने कॉन्सर्ट की शुरुआत ‘मोरनी’ गाने से की. इसके बाद उन्होंने ‘G.O.A.T.’, ‘Ikk Kudi’, ‘Lalkara’, ‘Ishq Di Baajiyaan’, ‘Naina’, ‘Kinni Kinni’, ‘Case’, ‘Panjtaara’, ‘Hass Hass’ और ‘Water’ जैसे लोकप्रिय गानों से महफिल लूट ली. शाम के सबसे खास पलों में ‘Saanson Ki Mala’ पर उनकी परफॉर्मेंस भी शामिल रही. इस गाने को सुनकर दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था. दिलजीत ने अपनी आवाज और शानदार स्टेज प्रेजेंस से दर्शकों को खूब झुमाया.
महिला पुलिसकर्मी को स्टेज पर बुलाकर कही दिल छू लेने वाली बात
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने दर्शकों के साथ कई यादगार पल साझा किए. उन्होंने कुछ फैंस को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस और गाने का मौका दिया. लेकिन इस शाम का सबसे भावुक पल तब आया, जब उन्होंने एक महिला पुलिस अधिकारी को मंच पर आमंत्रित किया.
दिलजीत ने महिला पुलिसकर्मी को अपनी मां जैसा बताते हुए कहा कि उन्हें उनमें अपनी मां की झलक दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा, “आप सभी को मेरा बड़ा सलाम. आपके बिना यह सब संभव नहीं होता. जब आप वहां खड़ी थीं, तो मुझे लगा जैसे मेरी मां मेरे सामने खड़ी हैं.”
उनकी इस बात ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. इसके जरिए उन्होंने बड़े आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटे पुलिसकर्मियों के योगदान को भी सलाम किया.
दिल्ली पुलिस, CRPF और DMRC को कहा शुक्रिया
दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट के सफल आयोजन के लिए दिल्ली पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) का विशेष रूप से आभार जताया. उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग के बिना इतने बड़े कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव नहीं था.
ड्रोन शो से रोशन हुआ दिल्ली का आसमान
कॉन्सर्ट का समापन भी बेहद शानदार अंदाज में हुआ. आसमान में हुए खास ड्रोन शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ड्रोन के जरिए दिल्ली के आसमान में ‘Panjabi Aa Gaye Oye!’ का संदेश जगमगाता नजर आया.
यह भी पढ़ें- 30 साल बाद उमर अब्दुल्ला ने फिर थामा शादी का दामन, पत्रकार निधि राजदान को बनाया जीवनसाथी, आज दिल्ली में रिसेप्शन
देशभर में होगा AURA India Tour 2026
BookMyShow Live और Live Nation के सह-निर्माण एवं प्रचार में आयोजित RuPay AURA India Tour 2026 के जरिए दिलजीत दोसांझ देश के अलग-अलग शहरों में अपने फैंस के बीच पहुंचेंगे. इससे पहले उनके AURA टूर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रतिक्रिया मिली थी. BookMyShow के लाइव इवेंट्स बिजनेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर नमन पुगालिया ने दिल्ली के शो को शानदार शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पूरी तरह भरे दर्शकों ने आने वाले शहरों के लिए एक नया स्तर तय कर दिया है.
यह भी पढ़ें- फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन, घर में गिरने से लगी थी सिर पर चोट, अंतिम दर्शन को पहुंचे सितारे


