मुंबई: नवरात्रि के पावन अवसर पर मायानगरी मुंबई में मां दुर्गा की भक्ति और उत्सव का रंग देखने को मिला. महा सप्तमी के मौके पर बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. वहीं, अभिनेत्री काजोल भी अपने बेटे युग और बेटी न्यासा देवगन के साथ पूजा में शामिल हुईं. इस दौरान कई अन्य फिल्मी सितारों ने भी मां के दरबार में मत्था टेका.
पारंपरिक अंदाज में पहुंचे रणबीर कपूर
रणबीर कपूर महा सप्तमी के अवसर पर मरून रंग का सिल्क कुर्ता पहने नजर आए. कुर्ते पर बारीक कढ़ाई थी, जिसे उन्होंने क्रीम रंग की वाइड-लेग ट्राउजर के साथ पहना था. पंडाल में रणबीर ने मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना की. इस दौरान पुजारी ने उनके माथे पर लाल तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया.
एक तस्वीर में रणबीर नंगे पैर मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर खड़े दिखाई दिए. पूजा के दौरान उनके साथ फिल्ममेकर और दोस्त अयान मुखर्जी भी नजर आए. रणबीर का यह पारंपरिक अंदाज उत्सव के माहौल में खास आकर्षण का केंद्र रहा.
बच्चों के साथ मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंचीं काजोल
काजोल भी नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की आराधना करने पहुंचीं. वह अपने बेटे युग और बेटी न्यासा देवगन के साथ नजर आईं. अभिनेत्री ने पीले-नारंगी रंग की पारंपरिक साड़ी पहनी थी. पंडाल में उन्होंने मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की तस्वीरें भी खींचीं.
काजोल हर साल अपने परिवार के साथ दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल होती हैं. इस बार भी उनकी मौजूदगी ने परिवार की पुरानी परंपरा की झलक दिखाई. उन्होंने तनीषा मुखर्जी और अयान मुखर्जी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं.
80 साल पुरानी परंपरा, सितारों का लगा जमावड़ा
मुंबई का नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल इस साल अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरे कर रहा है. दशकों से यह पंडाल मुखर्जी परिवार और बॉलीवुड की दुर्गा पूजा परंपरा का अहम हिस्सा रहा है. हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और फिल्मी हस्तियां मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पहुंचती हैं.
इस बार भी काजोल और रणबीर कपूर के अलावा अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी, दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन, फिल्ममेकर अयान मुखर्जी और अनुराग बसु समेत कई हस्तियां पूजा में शामिल हुईं. अनुराग बसु नीले रंग का कुर्ता पहनकर पंडाल पहुंचे और मां दुर्गा के दर्शन किए.
फिल्मी सितारों की मौजूदगी के बीच पंडाल में भक्ति, परंपरा और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला. चकाचौंध भरी फिल्मी दुनिया से दूर, मां दुर्गा के दरबार में सितारे भी श्रद्धा के साथ हाथ जोड़ते नजर आए.
यह भी पढ़ें- कोलकाता भगदड़: बारिश से बचने की होड़ में मची चीख-पुकार, 12 हिरासत में, 19 मौतों के बाद अब लापरवाही की जांच तेज


